
आंगनबाड़ी अधिकार संयुक्त मोर्चा के तत्वाधान में धरने का किया गया आयोजन

रायबरेली।
जनपद के विकास भवन में आंगनबाड़ी अधिकार संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण धरने का आयोजन किया गया। इस धरने में जिले के सभी ब्लॉक से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस आयोजन में मुख्य रूप से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के वेतन, भर्ती प्रक्रिया, और उनके अधिकारों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। धरने की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बीना सिंह और संचालन जिला महामंत्री स्नेहलता सिंह द्वारा किया गया।
धरने में मुख्य रूप से आंगनबाड़ी एजुकेटर पद की भर्ती प्रक्रिया को तत्काल निरस्त करने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अन्य सरकारी कर्मचारियों के समान वेतनमान, पोषाहार हॉट कुक्ड फूड वितरण की व्यवस्था कोटेदार एस एसजी ग्राम प्रधान पार्षद एवं हेडमास्टर आदि व्यवस्था में न उलझाकर किसी एक सुदृढ़ व्यवस्था द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों के कार्यकत्रियों को सीधा उपलब्ध कराने, भारत सरकार के पोषण टू में मिनी कार्यकत्रियों का पद अपग्रेड करके सामान्य कर दिया गया है इसलिए सामान्य कार्यकत्रियों के बराबर मानदेय एवं अन्य सुविधा दिए जाने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवानिवृत्ति की आयु 62 वर्ष करने और सेवा पूर्ण होने पर ₹10 लाख की एक मुश्त रकम दिए जाने की मांग की। इसी के साथ आजीवन पेंशन देने की व्यवस्था भी की जाए। आंगनबाड़ी कार्यकत्री से मुख्य सेविका के पद पर चयन पदोन्नति एवं आंगनबाड़ी सहायिका से कार्यकत्री के पद पर पदोन्नति में 50 वर्ष आयु सीमा की वैधता समाप्त की जाएं। उपरोक्त मांगे पूरी न होने की दशा में अगले कदम और आगामी प्रदर्शन आंगनबाड़ी अधिकार संयुक्त मोर्चा ने आगामी 14 अक्टूबर 2024 को लखनऊ में एक विशाल प्रदर्शन का आह्वान किया है, जिसमें रायबरेली जिले की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ब्लॉक अध्यक्ष और अन्य प्रतिनिधि शामिल होंगे। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रदर्शन का उद्देश्य सरकार पर दबाव बनाना है ताकि वे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों को जल्द से जल्द स्वीकार करें।
धरने के अंत में, सभी प्रतिभागियों ने प्रशासन से अपील की कि वे प्रदर्शन के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखें और उनके संघर्ष में सहयोग करें। धरने में जिला संरक्षक विक्रम सिंह, जिला कोषाध्यक्ष प्रियंका सिंह, जिला उपाध्यक्ष बीना श्रीवास्तव, जिला कार्यवाहक अध्यक्ष संगीता सिंह, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंजू पांडे, जिला संगठन मंत्री अनीता सिंह, जिला कार्यवाहक संगठन मंत्री ममता श्रीवास्तव, जिला संगठन संयुक्त मंत्री देवी एवं जिला मीडिया प्रभारी प्रमिला आदि उपस्थित रहे।
Author: Vikas Srivastava










