लंबे समय से किशोरी से करता रहा दुष्कर्म, जन्मे नवजात की मौत
पिता की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध अभियोग दर्ज

संवाददाता
रायबरेली।
जनपद के नसीराबाद थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला प्रकाश में आया है। स्थानीय थाना क्षेत्र निवासी एक युवक पर गैर जनपद से रोजी-रोटी की तलाश में नसीराबाद क्षेत्र में आकर रहने वाले एक परिवार की 12 वर्षीय किशोरी के साथ कथित तौर पर लंबे समय तक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है जिसके बाद किशोरी गर्भवती हो गई और प्रसव के बाद जन्मे नवजात की हालत गंभीर होने पर इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले में किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार, आरोपी गुरप्रीत साहू पुत्र राजा राम साहू जो मूल रूप से बभनपुर का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में पूरे मदारी मजरे डीघा स्थित आरएस पांडेय इंटर कॉलेज के सामने मकान में रहता है। बताया जाता है कि आरोपी चौराहे और आसपास के गांवों में घूम-घूमकर चाट और चाऊमीन की दुकान लगाता था। पीड़ित किशोरी का परिवार भी आरोपी के पड़ोस में किराए के कमरे में कई वर्षों से रह रहा था।
आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने किशोरी से बातचीत शुरू की और उसे बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद वह लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। कुछ समय बाद किशोरी गर्भवती हो गई तब परिजनों को इसकी जानकारी हुई। अचानक किशोरी के पेट में तेज दर्द उठा। परिजन उसे तत्काल नसीराबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद किशोरी की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला महिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सरकारी एंबुलेंस 108 की मदद से किशोरी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि रात्रि करीब 11 बजे किशोरी ने एक नवजात को जन्म दिया। जन्म के बाद नवजात की हालत बेहद नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स रायबरेली रेफर कर दिया। परिजन नवजात को लेकर एम्स की ओर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं किशोरी की हालत भी गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जिला महिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू की। पुलिस के मुताबिक पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
किशोरी के पिता ने नसीराबाद थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की। थाना प्रभारी पवन कुमार सोनकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।








