अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने उठाई अधिवक्ता हत्याकांड में शीघ्र जांच पूरी कर उचित कार्यवाही की मांग
पीड़ित परिवार को एक करोड़ की सहायता और सरकारी नौकरी देने की अपील

संवाददाता
रायबरेली।
प्रयागराज में अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, जनपद रायबरेली के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। महासभा ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा, एक परिजन को सरकारी नौकरी तथा एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की भी मांग उठाई।

अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिलाध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि जिस तरह प्रयागराज में पुलिस प्रशासन की मौजूदगी के सामने दिनदहाड़े अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है, वह बेहद जघन्य और निर्मम अपराध है। इस घटना ने समाज की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच कराई जाए और छह महीने के भीतर मामले की जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया को निर्णायक दिशा देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्यवाही हो, पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए और एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
महासभा के संरक्षक रविंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ समाज के लोगों के खिलाफ लगातार सामने आ रही अपराधिक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री को संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और समाज में सुरक्षा की भावना कायम करने के लिए अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही आवश्यक है। उन्होंने गंभीर अपराधों में संलिप्त माफिया और अपराधियों के खिलाफ कानून के दायरे में प्रभावी कार्यवाही की मांग की।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा पूर्वी के जिलाध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव ने कहा कि समाज के लोगों को लगातार प्रताड़ना और अपराधिक घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है, चाहे अधिवक्ता हों या पत्रकार, सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव के परिवार को जल्द न्याय दिलाया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उक्त अवसर पर महासभा के पदाधिकारी नागेंद्र श्रीवास्तव, दिनेश कुमार श्रीवास्तव, विक्की श्रीवास्तव, अम्बुज कुमार श्रीवास्तव, शुभम श्रीवास्तव, अनीता श्रीवास्तव, अश्वनी श्रीवास्तव, विवेक कुमार श्रीवास्तव, विकास श्रीवास्तव, पदम प्रसाद श्रीवास्तव, हंसराज, अरविंद श्रीवास्तव, ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, दीप श्रीवास्तव, अमित श्रीवास्तव, अंकित श्रीवास्तव, अंकुर श्रीवास्तव, हरिओम श्रीवास्तव, सोनू श्रीवास्तव, अभिजीत श्रीवास्तव, रामू श्रीवास्तव और अभिजीत श्रीवास्तव सहित महासभा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे।








