
इकतीसवीं जनपदीय स्काउट गाइड रैली का हुआ भव्य शुभारम्भ

सोनभद्र।
जनपदीय स्काउट और गाइड एवं द्वितीय जनपदीय सर्वोत्तम कैडेट रैली का आदर्श इंटर कालेज राबर्ट्सगंज के प्रांगण मे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य उद्घाटन दो दिसंबर को किया गया।
31वीं जनपदीय स्काउट गाइड रैली में लगभग 36 विद्यालय के प्रतिभागी छात्र छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। रैली का शुभारम्भ स्काउट ध्वज को फहराने के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर सदर ब्लाक प्रमुख अजीत रावत एवं जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

कार्यक्रम के उद्घाटन मे विभिन्न विद्यालयों से आये प्रतिभागी स्काउट एवं गाइड छात्र छात्राओं द्वारा मार्च पास्ट निकाला गया। मार्च पास्ट की सलामी मुख्य अतिथि अजीत रावत एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह द्वारा ली गयी। कार्यक्रम के आयोजक आदर्श इंटर कालेज राबर्ट्सगंज के प्रधानाचार्य संतोष मौर्य द्वारा सभी आगंतुको का बैज अलंकरण एवं स्मृति चिंह भेट कर स्वागत व आभार व्यक्त किया गया।मुख्य अतिथि श्री रावत ने अपने सम्बोधन मे कहा कि इन बच्चों को देखकर हमें भी अपने बचपन के दिन याद आ गये। उन्होंने कहा कि स्काउट गाइड एक ऐसी संस्था है जो निःस्वार्थ भाव से बिना किसी भेदभाव के समाज एवं राष्ट्र की सेवा करती है। उन्होंने अपने सम्बोधन मे छात्र छात्राओं को अपने गुरुजनों माता पिता का सम्मान, आदर एवं सदैव सेवा करने हेतु प्रेरित किया। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि इसी ग्राउंड मे मण्डलीय स्काउट गाइड प्रतियोगिता का भी आयोजन 07 दिसंबर से होना है, जिसमे मंडल के तीनों जिलों सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही की टीम प्रतिभाग करेगी। हम सभी मिलकर जनपदीय रैली की तरह मण्डलीय रैली को भी भव्य समारोह के साथ सम्पन्न कराएंगे। कार्यक्रम के आयोजक संतोष कुमार मौर्य ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर जिला मुख्य आयुक्त प्रबोध कुमार सिंह के अलावा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य डा. आरती सिंह, विवेकानंद मिश्र, बंदना सिंह, हरिशंकर मिश्र, संतोष तिवारी, के पी मौर्य, दिल मुहम्मद, प्रबंधक सुशील चौबे, राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक उमाशंकर सिंह, रमाकांत कुशवाहा, स्काउट मुख्यायुक्त प्रबोध सिंह, अब्दुल कयूम, डा. मंजू सिंह सहित तमाम स्काउट गाइड शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन सुनील सिंह द्वारा किया गया।

बी एन यादव की रिपोर्ट
Author: Vikas Srivastava











