
साइंस सिटी का भ्रमण कर तकनीकी दुनिया में खोए बच्चे

रायबरेली।
राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता क्विज प्रतियोगिता में परिषदीय विद्यालयों के कक्षा 6 से 8 तक विजयी बच्चों को आंचलिक विज्ञान नगरी लखनऊ की एक्सपोजर विजिट कराई गई।
अमावां ब्लॉक के बच्चों ने मंगलवार को साइंस सिटी में सवाना के जंगलों, पहाड़ों के घने जंगलों में हलचल मचाने वाले जंगली जानवरों को देखने से लेकर लायन सफारी का आनंद लिया। एक्पोजर विजिट की बसों को हरी झंडी दिखाते हुए राम मिलन यादव ने बताया कि लखनऊ में कराई गई बच्चों की एक्सपोजर विजिट के माध्यम से बच्चों को नवीन चीजों से रूबरू कराया गया। उन्होंने बताया कि एक्सपोजर विजिट में क्विज प्रतियोगिता में विजयी रहे प्रथम 100 बच्चों को आंचलिक विज्ञान नगरी भेजा गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत एक्सपोजर विजिट के लिए बच्चों को साइंस सिटी का भी भ्रमण कराया गया। उन्होंने बताया कि यहां पर बच्चे करीब 9 गैलरी देखकर विज्ञान की हकीकत से रूबरू हुए। एआरपी सलाउद्दीन अंसारी ने बताया कि साइंस सिटी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां पर विज्ञान की संपूर्ण जानकारी मौजूद है। यहां पर फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी इन तीनों ही विषयों की जानकारी बच्चों ने खेल-खेल में बड़ी ही आसानी से सीखीं। थ्रीडी शो करके सीखने का अनुभव बच्चों के लिए कुछ अलग ही रहा। इस भ्रमण के दौरान एआरपी डॉ. एसएस श्रीवास्तव, अब्दुल मन्नान, जेपी रावत, माया, सरिता, शशि किरन, हीरालाल, परितोष पाल, अशोक यादव, सत्येंद्र सिंह, मनोज कुमार आदि लोग मौजूद रहे।
Author: Vikas Srivastava










