
दबंगों ने युवक को जमकर पीटा
पत्रकार को भी दी जान की धमकी

लालगंज, रायबरेली।
नव वर्ष की पूर्व क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु जहां पुलिस प्रशासन चप्पे चप्पे पैनी नज़र रखने का दावा कर रही है वहीं दूसरी ओर कानून व्यवस्था को धता बताते हुए आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने मामूली बात को लेकर एक युवक को जमकर पीटा साथ ही उक्त मामले में कवरेज कर रहे एक पत्रकार को भी दबंगों ने देख लेने की धमकी दे डाली। प्राप्त जानकारी के अनुसार लालगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बस स्टॉप के पास दबंगों द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया। पीड़ित सत्येंद्र ने बताया कि वह बस स्टॉप पर चाय की दुकान लगाने के लिए बांस गाड़ रहा था तभी उस जगह पर अपना हक जमा रहे दबंगों ने गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। वहां मौके पर पहुंचे पत्रकार ने जब मामले को देखकर कवरेज करने का प्रयास किया तो उक्त दबंगों द्वारा पत्रकार को कवरेज करने से रोकते हुए जान से मारने की एवं बाद में देख लेने की धमकी दी। यह पूरी घटना लगभग दोपहर 3:30 बजे घटित हुई जिसने लालगंज में पुलिस की मुस्तैदी की पोल खोलते हुए दबंगों के बड़े हौसलों को जग जाहिर कर दिया।
फिलहाल पीड़ित ने लालगंज पुलिस को शिकायत पत्र देकर बताया कि जग्गा सिंह व अन्य लोगों ने मेरे साथ जमकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने लालगंज पुलिस को शिकायत पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना या होगा कि लालगंज पुलिस इस मामले पर क्या कार्यवाही करती है।
Author: Vikas Srivastava










