
सुनार की आंखों में मिर्ची झोंक गहने लेकर भागी लड़की
लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

हरि शंकर पाराशर
कटनी।
नववर्ष के प्रथम दिन बीती 1 जनवरी की रात लगभग 8 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शेर चौक के समीप स्थित शिखा आर्नामेंट में एक लुटेरी लड़की ने सुनार की आंखों में मिर्ची का पाउडर झोंक कर जेवर लेकर भागने का असफल प्रयास किया। सुनार की चीख पुकार सुनकर जेवरात लेकर भाग रही लड़की को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। लुटेरी लड़की ने चैन तो किसी तरह उसी समय सुनार को लौटा दिया, लेकिन बाली और अंगूठी जिसकी कीमत लगभग 35000 है अभी भी गायब है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए शिखर आर्नामेंट के संचालक राजेंद्र सोनी ने बताया कि गत 1 जनवरी 2025 बुधवार की रात लगभग 8 बजे जब वे दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान एक लड़की उनकी दुकान में आई और सोने का चैन लेने की बात कहते हुए जेवरात दिखाने को कहा। चैन पसंद करने के बाद उसने अंगूठी देखी और अंगूठी भी पसंद करने के बाद उसने सुनार से बाली दिखाने को कहा। उसके बाद उसने सुनार को अंगूठी का रेट बताने को कहा तो सुनार अंगूठी की तौल करने में जुट गया। इसी बीच सामने बैठी लड़की ने अपने पास से मिर्च का पाउडर निकाला और सुनार की आंखों में फेंक दिया। आंखों में मिर्च का पाउडर पड़ते ही सुनार चीखने लगा और लड़की जेवरात लेकर भागने का प्रयास करने लगी। सुनार की चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने भाग कर लड़की को पकड़ लिया। लड़की ने इस दौरान सुनार को सोने की चैन लौटा दी। लोगों की सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और लड़की को अपने साथ थाने ले गई। बातचीत करते हुए पीड़ित सुनार राजेंद्र सोनी ने बताया कि लड़की दो चैन, अंगूठी और बाली लेकर भाग रही थी चैन तो उसे वापस मिल गई, लेकिन अभी तक बाली और अंगूठी वापस नहीं मिल सकी है। गत रात्रि हुई घटना के कारण समूचे शहर में खलबली का माहौल व्याप्त है। लोगों ने संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि हो सकता है कि इस समय शहर में लड़कियों का गिरोह लूटपाट के लिए सक्रिय हो इस दिशा में पुलिस को कठोर कदम उठाते हुए कार्यवाही अवश्य करनी चाहिए।
Author: Vikas Srivastava










