
संविधान की इज्जत करने और उसके बताए रास्तों के अमल से आएगा बदलाव: राहुल सिंह

रायबरेली।
विश्व हिन्दू रक्षा परिषद् के राष्ट्रीय महामंत्री राहुल सिंह का रायबरेली जनपद में आगमन हुआ। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं के द्वारा बछरांवा, कुंदनगंज, हरचंदपुर, गंगागंज और रतापुर चौराहे पर किया जोरदार स्वागत किया गया। इसके उपरांत गोल चौराहे पर स्थित वीरांगना झलकारी बाई की मूर्ति पर माल्यार्पण कर स्थानीय सारस होटल में कार्यकर्त्ता समागम एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राहुल सिंह ने कहा कि संविधान की किताब के दिखावटी प्रदर्शन से बदलाव नहीं आएगा बदलाव संविधान की इज्जत करने और उसके बताये रास्तों के अमल से आएगा।
राहुल सिंह ने कहा कि विगत 21 दिसंबर 2024 को रायबरेली के कुछ विशेष स्थान पर जन भावनाओं के अनुरूप भारत के संविधान के अनुच्छेद 19 (अभिव्यक्ति की आजादी) के तहत रायबरेली के वर्तमान सांसद एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से फ्लेक्स बोर्ड के माध्यम से कुछ प्रश्न किए गए थे, कांग्रेसी कार्यकर्ताओं एवं उनके सहयोगियों द्वारा उक्त फ्लैक्स बोर्ड को तोड़ा और फाडा गया, जो भारतीय न्याय संहिता में अपराधिक कृत्य है और यह अभिव्यक्त की स्वतंत्रता का हनन है। उक्त पोस्टर्स में रायबरेली की जनता की भावनाओं के अनुरूप प्रश्न पूंछे गए थे।
श्री सिंह ने कहा कि हर बात में संविधान की बात करने वाले और उसका प्रदर्शन करने वालों के संविधान में क्या बुजुर्ग सांसद की पिटाई का प्रावधान है। इन्हीं कारणों से ही रायबरेली जनपद का आम जनमानस खुद को शर्मिंदा महसूस कर रहा था। रायबरेली और देश का जनमानस आज भी प्रश्नों के उत्तर के इन्तजार में बैठा है। उन्होंने बताया कि न्याय जनकल्याण के संवर्धन एवं समाज में असंगत विचारों के विरुद्ध न्याय के लिए आवाज उठाने वाली संस्था विश्व हिन्दू रक्षा परिषद् पिछले कई वर्षों से कार्य कर रही है। इस संस्थान का मुख्य उद्देश्य समाज हित में कार्य करते हुए प्रत्येक व्यक्ति को न्याय दिलाने की संकल्पना के साथ प्रारंभ हुआ है तथा गरीब, असहाय व पीड़ित लोगों की सेवा में तत्पर है जिसमें भारत के कई राज्यों से हजारों लोगों को मदद मिली है। विश्व हिन्दू रक्षा परिषद् सनातन संस्कृति के संवर्धन और राष्ट्र रक्षा के लिए संकल्पित हैं। पीड़ित, शोषित, वंचित, गरीब, किसान, युवा शक्ति और महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य करना हम अपना दायित्व समझते हैं।
Author: Vikas Srivastava










