
नगर पंचायत की अवैध वसूली के विरुद्ध कालोनी वासियों ने किया प्रदर्शन

पवन श्रीवास्तव
अमेठी।
नगर पंचायत अमेठी की अवैध वसूली के खिलाफ कालोनी निवासियों ने दुर्गा मंदिर के पास बैठक कर विरोध प्रदर्शन किया। बैठक में आवास विकास कालोनी के रहने वाले संकड़ों लोग शामिल हुए। नगर पंचायत द्वारा नियमों को दरकिनार करते हुए अभी हाल ही में नगर पंचायत अमेठी द्वारा कालोनी वासियों को अवैध वसूली की नोटिस जारी कर नवीनीकरण कराने का आदेश दिया गया है जिसे कालोनी वासियों ने अवैध और धन उगाही का तरीका बताया है। दरअसल संगठित विकास योजना के तहत अमेठी शहर के सुल्तानपुर रोड पर 1988 में आवास विकास कालोनी की स्थापना हुई थी। इस कालोनी में छोटे बड़े तीन साइज के प्लाट लोगों को एलॉट किए गए थे, जिसमें सभी लोगों ने अपने आवास बनवा लिए। नगर पंचायत द्वारा नोटिस जारी कर उस कर को कई गुना बढ़ा दिया गया। इसके साथ ही नवीनीकरण कराने का नोटिस भी जारी किया गया। नोटिस जारी होते ही कालोनी वासियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद कालोनी के सैंकड़ों बाशिंदों ने दुर्गा मंदिर के पास बैठक की। बैठक में नगर पंचायत के तुगलगी फरमान का विरोध किया गया। कालोनी के रहने वाले दिलीप सिंह ने कहा कि पंचायत द्वारा नवीनीकरण कराने का नोटिस जारी किया गया है, जब हम इसकी जानकारी करने के लिए नगर पंचायत कार्यालय गए तो किसी प्रकार की कोई जानकारी नही दी गई। उन्होंने बताया कि 27 नवम्बर 2024 को जन सूचना अधिकार अधिनियम 2005 के तहत तीन बिंदुओं पर नगर पंचायत अध्यक्ष व अधिशाषी अधिकारी अमेठी से मांगी गई थी लेकिन एक माह बीतने बाद भी नहीं दी गई।
नगर पंचायत द्वारा अवैध वसूली का नोटिस जारी कर कालोनी वासियों में भय व्याप्त किया जा रहा है, क्योंकि नोटिस जारी करने का कोई औचित्य ही नही है। नवीनीकरण का शुल्क कार्यालय द्वारा एक लाख रुपए बताया जा रहा है। इसी अवैध वसूली के विरोध में आज बैठक की गई है। कालोनी को फ्री होल्ड कराने के लिए हम लोग हाईकोर्ट जाएंगे। बैठक के दौरान एडवोकेट डॉ संजय सिंह ने कहा कि कालोनी के करीब तीन सौ लोगों को अनाधिकृत रूप से पुनर्नवीनीकरण के लिए नोटिस जारी किया गया है। इसको पहले ही फ्री होल्ड किया जाना चाहिए था लेकिन नगर पंचायत द्वारा इसे नही किया गया। अब हम लोग हाईकोर्ट जाएंगे। बैठक का संचालन डा. रमेश कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर एडवोकेट अखिलेश शुक्ल, डॉ दीपक सिंह एडवोकेट, संजय सिंह, एडवोकेट अंकित सिंह, अखिलेश मिश्र, अरुण चतुर्वेदी, दिलीप कुमार सिंह, शिव कुमार सोनी, ओम प्रकाश तिवारी, शिव कुमार मिश्र, अवधेश बहादुर सिंह, दीपक शुक्ला, दिनेश तिवारी, अभिषेक तिवारी, राम खेलावन यादव, डा. एच एस मिश्र, दया शंकर तिवारी, राम अभिलाष मिश्र, माधुरी देवी, हृदय शंकर तिवारी, पारसनाथ, पुष्पा मिश्रा, प्रेम प्रकाश, जानकी देवी, दिनेश प्रकाश श्रीवास्तव, दया शंकर शुक्ल, कैलाश नाथ शुक्ल, उमा शंकर तिवारी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
Author: Vikas Srivastava










