
ट्रेन के डिब्बे से धुआं निकलने से यात्रियों में मची भगदड़

बी एन यादव
सोनभद्र।
प्रयागराज से आ रही एक एक्सप्रेस ट्रेन में धुआं निकलने से यात्रियों में भगदड़ मच गई। ड्राइवर के सूझबूझ से बड़ी अनहोनी टल गई।
प्राप्त जानकारी अनुसार करमा थाना अंतर्गत मंगलवार की दोपहर डिलही गाँव के समीप प्रयागराज से आ रही त्रिवेणी एक्सप्रेस के डिब्बे से अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं निकलने से ट्रेन में सवार यात्रियों में भगदड़ मच गई। ड्राइवर की सूझबूझ से सही समय पर कार्यवाही करते हुए स्थिति पर काबू पा लिया गया, सभी यात्री सुरक्षित हैं। गाड़ी रुकते ही यात्री नीचे उतर गये और कुछ यात्री गाड़ी छोड़ कर बस पकड़ने के लिए मिर्जापुर सोनभद्र मुख्य मार्ग पर आकर सवारी गाड़ी में बैठ कर अपने गंतव्य को चले गए। यात्रियों ने बताया कि इस गाड़ी में दस किमी पहले लूसा स्टेशन के समीप भी धुआं निकलने लगा था। लूसा के बाद यहाँ दूसरी बार ऐसा हुआ है, लेकिन कोई नुकसान नही हुआ है, सभी लोग ट्रेन से उतर गए थे कुछ लोग बस से चले गए। ऐसा किस कारण से हो रहा है कोई बताने को तैयार नहीं था।
इस सम्बन्ध में खैराही रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर बी पी सिंह ने कहा कि ट्रेन के चक्के में ब्रेक चिपक गए थे जिसके कारण धुएं उठने लगा था। किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। लगभग चालीस मिनट खडी़ रहने के बाद गाड़ी आगे के लिए रवाना हो गई।
Author: Vikas Srivastava










