
कैंसर मुक्त भारत यात्रा के अंतर्गत एचपीवी जागरूकता रैली एवं सेमिनार का हुआ आयोजन
एचपीवी जागरूकता से सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम संभव : डॉ. सुमेधा नीलू त्रिवेदी

संवाददाता
बछरावाँ, रायबरेली।
दयानन्द बछरावाँ पी.जी. कॉलेज, बछरावाँ में स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वाधान में “आनंदी माँ–एक जीवन बचाओ अभियान (कैंसर मुक्त भारत यात्रा) 2026-27” के अंतर्गत एचपीवी जागरूकता रैली एवं सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं आमजन को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर, इसके बचाव, नियमित जांच तथा टीकाकरण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं संयोजक डॉ. सुमेधा नीलू त्रिवेदी ने एचपीवी संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में जागरूकता एवं टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एचपीवी संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण एक महत्वपूर्ण सुरक्षात्मक उपाय है। उन्होंने युवाओं एवं अभिभावकों से स्वास्थ्य संबंधी सही एवं प्रमाणित जानकारी प्राप्त करने तथा आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार उचित कदम उठाने का आह्वान किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बछरावाँ से उपस्थित डॉ. दीपमाला एवं डॉ. अंकिता उपाध्याय, चिकित्सा अधिकारी ने कैंसर से होने वाली मौतों तथा सर्वाइकल कैंसर के कारणों, बचाव एवं रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में एचपीवी संक्रमण से बचाव, उचित समय पर टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश यादव ने स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की, जबकि फार्मासिस्ट ब्रजेश कुमार ने कार्यक्रम में आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर डॉ. अनामिका याज्ञसेनी ने कहा कि “कैंसर के प्रति जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में स्वास्थ्य जागरूकता एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में वंशिका द्विवेदी, वंदना, वैष्णवी, रुद्र प्रताप, आकांक्षा सिंह एवं दिशा पटेल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के आरंभ में राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. कल्पना श्रीवास्तव ने स्वागत संबोधन के माध्यम से अतिथियों, चिकित्सकीय टीम एवं छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शिशिर श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों एवं चिकित्सकीय टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए छात्र-छात्राओं से कार्यक्रम में प्राप्त स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन नोडल कैप्टन डॉ. विष्णु चन्द्र ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन “कैंसर की रोकथाम के लिए जागरूकता, समय पर जांच और उचित चिकित्सकीय परामर्श” के संदेश के साथ हुआ।
Author: Vikas Srivastava










