Search
Close this search box.

आरजीएनएयू ने किया ‘हर घर तिरंगा’ थीम पर चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आरजीएनएयू ने किया ‘हर घर तिरंगा’ थीम पर चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन

 

संवाददाता 

अमेठी।

जनपद के फुरसतगंज स्थित राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय (आरजीएनएयू) द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ थीम पर प्राथमिक विद्यालय तरौना के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को कला के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्र गौरव एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित करना था।

यह कार्यक्रम 9 से 17 अगस्त 2026 तक मनाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रारंभ किया गया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, नागरिकों की सहभागिता तथा राष्ट्र के प्रति सामूहिक गौरव की भावना को प्रोत्साहित करने पर केंद्रित है।

प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 5 तक के कुल 36 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ‘हर घर तिरंगा एवं स्वतंत्रता दिवस’ विषय पर विद्यार्थियों ने तिरंगे, भारत की स्वतंत्रता तथा देशभक्ति की भावना को दर्शाते हुए रंग-बिरंगे चित्र एवं पेंटिंग बनाई। इस गतिविधि ने बच्चों को रचनात्मक माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज तथा उससे जुड़े एकता, गौरव और राष्ट्रीय भावना के मूल्यों को समझने एवं अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के डीन (छात्र कल्याण), डॉ. अनूप कुमार ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उनके उत्साह और रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की। प्राथमिक विद्यालय तरौना की प्रधानाचार्या हिना कौसर एवं शिक्षक एम.डी. शोएब खान ने भी कार्यक्रम में उपस्थित रहकर विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के दौरान आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता दिवस 2026 के आयोजन हेतु गठित समिति के सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

आरजीएनएयू के कुलपति प्रो. भृगु नाथ सिंह ने भी चित्रों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने कला के माध्यम से तिरंगे के महत्व एवं राष्ट्रीय भावना को सुंदर ढंग से अभिव्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज एवं देश के मूल्यों से जोड़ने वाली ऐसी गतिविधियां देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समिति के सदस्यों द्वारा देशभक्ति नारों के साथ हुआ।

Leave a Comment

और पढ़ें