आठ को होगा आरजीआईपीटी का अष्टम दीक्षांत समारोह
जायस, अमेठी।

राजीव गाँधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (आरजीआईपीटी), जायस, अमेठी में संस्थान के अष्टम दीक्षांत समारोह का आयोजन रविवार, 8 दिसम्बर 2024 को किया जाएगा। दीक्षांत समारोह की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से बात करते हुए संस्थान के निदेशक प्रो. आलोक कुमार सिंह ने बताया कि 8वें दीक्षांत में वर्ष 2024 की परीक्षा में उत्तीर्ण हुए छात्र-छात्राओं को उपाधि एवं मेडल प्रदान किये जायेंगे। उन्होंने आगे बताया कि इस वर्ष विद्यावारिधि (पीएचडी) में 25, एम.बी.ए. पाठ्यक्रम में 37, एम.टेक. में 07, बी.टेक. रासायनिक अभियांत्रिकी एवं जैव-रासायनिक अभियांत्रिकी में 16, बी.टेक. कम्प्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी में 67, बी.टेक इल्केट्रिकल एवं इलेक्ट्रानिक्स अभियांत्रिकी में 31 एवं बी.टेक. पेट्रोलियम आभियांत्रिकी एवं भूअभियांत्रिकी में 45 छात्र-छात्राएँ उत्तीर्ण हुए हैं।
प्रो. सिंह ने कहा कि इस अवसर पर अध्यक्ष, भारतीय राष्ट्रीय अभियांत्रिकी अकादमी एवं कुलपति- बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा, रांची आचार्य इंद्रनील मन्ना मुख्य अतिथि एवं हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय के अतिरिक्त महानिदेशक (अन्वेषण) डॉ. कौस्तव नाग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा छात्र/छात्राओं को उपाधि व मेडल प्रदान करेंगे। संस्थान के संचालक मण्डल के अध्यक्ष, आचार्य अनिरूद्ध बी पंडित समारोह की अध्यक्षता करेंगे। संस्थान का प्रतिवेदन, निदेशक प्रस्तुत करेंगे।
इस अवसर पर प्रेसीडेण्ट स्वर्ण पदक- बी. टेक 2024 के समस्त पाठ्यक्रमों में अकादमिक उत्कृष्टता के लिए उत्कर्ष शुक्ला, निदेशक स्वर्ण पदक बी. टेक 2024 के समस्त पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट सर्वांगीण प्रदर्शन के लिए आस्था शायला तथा संस्थान स्वर्ण पदक बी. टेक रासायनिक अभियांत्रिकी परीक्षा 2024 में प्रथम अंशू पाण्डेय, बी. टेक कम्प्यूटर विज्ञान अभियांत्रिकी 2024 में प्रथम दिव्यांशी सिंह, बी. टेक इलेक्ट्रॉनिक्स अभियांत्रिकी 2024 में प्रथम सुभ्रदीप चक्रबर्ती, बी. टेक पेट्रोलियम अभियांत्रिकी परीक्षा 2024 में प्रथम उत्कर्ष शुक्ला एवं व्यवसाय प्रशासन परास्नातक परीक्षा 2024 में प्रथम दीपांक कुमार पाण्डेय समेत सात छात्र/छात्राओं को मेडल भी प्रदान किये जायेंगे।
पवन श्रीवास्तव की रिपोर्ट










