द्विवर्षीय कार्य समिति चुनाव में बराबर की स्थिति
प्रतिरक्षा मजदूर संघ व प्रगतिशील कर्मचारी मोर्चा के पांच पांच विजेता

हरि शंकर पाराशर
कटनी।
आयुध निर्माणी कटनी में द्विवर्षीय कार्यकाल के कार्य समिति सदस्य चुनाव 21 दिसंबर शनिवार को संपन्न हुये। जिसके लिए ऑर्डिनेंस फैक्ट्री प्रतिरक्षा मजदूर संघ के 10 प्रत्याशी, ऑर्डनेंस फैक्ट्री कर्मचारी यूनियन एवं मजदूर संघ मिलकर प्रगतिशील मोर्चा नाम से 10 प्रत्याशी, लेबर यूनियन के 10 प्रत्याशी सहित कुल 30 प्रत्याशी मैदान में थे। प्रायः 9:00 से शुरू हुआ मतदान दोपहर 3:00 बजे समाप्त हुआ। तत्पश्चात 7:00 बजे से मतों की गणना प्रारंभ हुई। कुल तीस प्रत्याशियों में मेरिट के आधार पर 10 प्रत्याशियों को विजयी घोषित किया जाना था जिसमें अंशुल तिवारी, देवेंद्र कुमार पाढी, पीतांबर सेतपाल, मनीष तिवारी, मनोज कुमार निगम, राजेश कुमार तिवारी, नरेंद्र भारत, यादोराव लोखंडे, जितेंद्र सिंह, रजनीश कुमार शर्मा विजयी घोषित किए गए। विजयी 10 प्रत्याशियों में पांच प्रगतिशील कर्मचारी मोर्चा एवं पांच ऑर्डनेंस फैक्ट्री प्रतिरक्षा मजदूर संघ के सदस्य हैं।
कटनी जिले के विकास हेतु हर आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले संघर्षशील विभिन्न सामाजिक संस्थाओ के पदाधिकारी समाजसेवी मनोज निगम के लगातार 10वीं बार विजयी होने पर सामाजिक संस्थाओं बारडोली उत्सव समिति, जिला जन अधिकार मंच, श्री राम सेवा समिति, दशहरा महोत्सव मंच, मानसरोवर समिति, श्री चित्रगुप्त पूजन समारोह समिति आदि के पदाधिकारियों ने श्री निगम के साथ-साथ सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। नई कार्य समिति का गठन 5 जनवरी 2025 को किया जायेगा।









