राज्यपाल ने प्रेस संवाद कार्यक्रम में रखे विचार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राज्यपाल ने प्रेस संवाद कार्यक्रम में रखे विचार

शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान पर विशेष जोर

 

पवन श्रीवास्तव 

लखनऊ।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से राजभवन, लखनऊ में प्रमुख समाचार-पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने प्रेस संवाद कार्यक्रम में मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।

राज्यपाल ने बताया कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों की शिक्षा गुणवत्ता सुधारने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। रोजगारपरक शिक्षा और शोध को बढ़ावा देकर अब विश्वविद्यालय राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा में समानता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पाठ्यक्रम को नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुसार तैयार किया जा रहा है। अनुशासन और समर्पण के साथ किए गए कार्य सकारात्मक परिणाम देते हैं।

उन्होंने बताया कि राजभवन द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने, टीबी मरीजों के पोषण और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण जैसे कई जनहितकारी प्रयास किए जा रहे हैं। गुजरात और उत्तर प्रदेश मॉडल की तुलना पर उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों को एक-दूसरे से सीखना चाहिए। उन्होंने यूपी की विविधता और संसाधनों के बेहतर उपयोग को इसकी ताकत बताया।

राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की ऑर्गेनिक खेती में बढ़ती भागीदारी और पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में बड़े सुधार प्रदेश की प्रगति का प्रमाण हैं। उन्होंने मेनोपॉज से संबंधित पाठ्यक्रम लागू करने और ग्रामीण महिलाओं को शिक्षित करने पर भी जोर दिया।

इस संवाद कार्यक्रम की शुरुआत अपर मुख्य सचिव डॉ. सुधीर महादेव बोबडे के स्वागत भाषण से हुई। उपस्थित पत्रकारों को राज्यपाल के भाषणों पर आधारित पुस्तकों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिनिधियों ने राजभवन का भ्रमण किया और वहां हुए नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।

Vikas Varta
Author: Vikas Varta

Leave a Comment

और पढ़ें