
नेताजी के नाम को दरकिनार कर अपने ही नाम से नया मोहल्ला बसा रहे नगर पालिका अध्यक्ष
रायबरेली।

अपनी कार्यशैली को लेकर आए दिन विवादों में रहने वाले नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर एक बार फिर सवालों के घेरे में घिरते नजर आ रहे हैं। दरअसल नगर क्षेत्र के कानपुर मार्ग पर राणानगर स्थित जेपीएस स्कूल के पीछे बसे नेताजी सुभाष नगर मोहल्ले के आगे में विभिन्न स्थानों पर दीवारों पर सुभाष नगर के स्थान पर शत्रोहन नगर लिखवाया गया है जो लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार यह नाम नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर द्वारा ही वार्ड के सभासद द्वारा पेंटर को भेज कर सभी स्थानों पर लिखवाया गया है।
नगर पालिका के इतिहास में पहली बार इस तरह का कार्य किसी नगर पालिका अध्यक्ष ने किया है कि बिना बोर्ड बैठक के ही मोहल्ले का नामकरण कर दिया गया। इतना ही नही बल्कि अपने नाम पर ही मोहल्ले का नामकरण कर दिया गया। जबकि किसी भी मार्ग या मोहल्ले का नामकरण नगर पालिका परिषद के बोर्ड की सहमति और उसकी स्वीकृति के बाद किया जाता है। वहीं यदि सूत्रों की मानें तो उक्त क्षेत्र न तो नगर पालिका क्षेत्र आता है और न ही नगर पालिका द्वारा किसी प्रकार का विकास कार्य वहां कराया गया है फिर भी नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर उक्त स्थान का नाम बदलकर अपने नाम पर ही करने की कोशिश कर रहे हैं।


उक्त मामले को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर ने बताया कि मोहल्ले के लोगों द्वारा बैठक करके यह नाम लिखवाया गया है। ई.ओ. नगर पालिका स्वर्ण सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नही है। इस प्रस्ताव के बारे में जानकारी की जाएगी और यदि कोई व्यक्ति व्यक्तिगत रूप से कुछ करता है तो उससे नगर पालिका का कोई लेना-देना नहीं है। आधिकारिक रूप से तभी माना जाएगा जब प्रस्ताव पास हो।
Author: Vikas Srivastava










