नेहरू युवा केंद्र द्वारा मनाई गई कर्पूरी ठाकुर की जयंती

पवन श्रीवास्तव
रायबरेली।
नेहरू युवा केंद्र ने भारत रत्न व समाज सुधारक और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की जयंती के अवसर पर जनपद इंटर कॉलेज, हरचंदपुर में कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कॉलेज के प्रधानाचार्य आर्य जी उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में एवीएन सुशील कुमार मिश्रा और क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनुप ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम का संचालन सुरेश द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने भाषण के माध्यम से अपनी प्रस्तुति दी जो कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों और उनके योगदान को रेखांकित करती थीं।
मुख्य अतिथि आर्य जी ने अपने उद्बोधन में कर्पूरी ठाकुर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वह समाज में समानता और सामाजिक न्याय के प्रतीक थे। उन्होंने युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की। विशेष अतिथि एवीएन सुशील कुमार मिश्रा ने कर्पूरी ठाकुर के संघर्षों और समाज के प्रति उनके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि आज के युवाओं को उनके आदर्शों का पालन करना चाहिए। क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनुप ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज में एकता और समरसता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन किया गया और सभी उपस्थित लोगों ने कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।









