
परमहंस बाबा की मठिया पर भव्य रामनवमी महोत्सव का आयोजन
संजय सिंह
डोरीगंज, सारण।

ग्राम विकास परिषद् रसलपुरा-धर्मपुरा के तत्वाधान में परमहंस बाबा की मठिया पर दो दिवसीय रामनवमी महोत्सव धूमधाम से सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर रविवार को प्रातः 8 बजे परमहंस बाबा के मठिया से भव्य शोभायात्रा निकाली गई जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु स्त्री-पुरुष एवं बच्चो ने भाग लिया। शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, ऊंट, बैंड-बाजा एवं भगवान राम का सुसज्जित रथ आकर्षण का केंद्र रहा। झांकी को देखने के लिए क्षेत्रवासियो की भीड़ सड़क एवं चौराहे पर देखते ही बनती थी। शोभायात्रा रसलपुरा ग्राम स्थित परमहंस बाबा के मठिया से रसलपुरा मैया स्थान, ठाकुरबाड़ी, धर्मपुरा मैया जी, शिवमंदिर, पछेयारी धर्मपुरा मैया जी, बदलपुरा होते हुए परमहंस मार्ग से परमहंस चौक पहुंची। वहां से शोभा यात्रा एवं कलश यात्रा ने एक साथ 10 बजे दिन में गंगा जी के तट की ओर प्रस्थान किया। पंडित सनत शुक्ला एवं चंदन शुक्ला के मंत्रोच्चार के बीच गंगा नदी से गंगाजल भरा गया एवं गंगा मैया का पूजन किया गया। तत्पश्चात कलश यात्रा मठिया पर पहुंच कर पवित्र गंगाजल मंदिर में रखने के उपरांत सम्पन्न हुई। अपराह्न 3:30 बजे से अखंड अष्ठयाम, रामायण पाठ एवं हवन पंडित सनत शुक्ला एवं चंदन शुक्ला के द्वारा प्रारंभ करवाया गया। मुख्य यजमान का भूमिका जीतेन्द्र सिंह (सहारा इंडिया) ने अदा की।
सायंकाल 6 बजे भगवान श्रीराम की आराधना एवं पूजन किया गया। प्रसाद वितरण का कार्यक्रम अनवरत 36 घंटे तक अभय नारायण सिंह (सुनील), रंजीत सिंह एवं मुना सिंह की देखरेख में चलता रहा। अष्टयाम के समापन के उपरांत सोमवार को भव्य आरती हवन एवं पूजन के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन देवेन्द्र सिंह, सुनील कुमार सिंह (पलपल सिंह), सरोज कुमार सिंह (टूटू) की देखरेख किया गया जो पूरी रात चलता रहा। रात्रि 10 बजे से सुप्रसिद्ध गायक मंडली द्वारा श्रीराम-जानकी विवाह प्रसंग का संगीतमय वर्णन प्रस्तुत किया गया।

मंच का संचालन अशीष कुमार सिंह (लव) एवं कुनाल सिंह ने किया। कलाकारों एवं कार्यकर्ताओं को ग्राम विकास परिषद् रसलपुरा के संस्थापक संजय सिंह उज्जैन ने अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा सबका उत्साह वर्धन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के कार्यों की भूरि प्रसंशा की तथा बताया कि अगले वर्ष रामनवमी महोत्सव में 7 गांवों को सम्मिलित किया जाएगा तथा परमहंस बाबा के द्वारा निर्मित इस शक्ति स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परमहंस बाबा के कर कमलों द्वारा निर्मित महावीर जी का स्तूप अद्वितीय है। इस स्थल पर बजरंगबली साक्षात विराजमान हैं यहां जो भी व्यक्ति सच्चे मन से जो मांगता है वह अवश्य पूर्ण होता है।
Author: Vikas Srivastava










