
सवालों के घेरे में रायबरेली पुलिस
गैंगस्टर को बनाया मुख्य अतिथि

रायबरेली।
प्रदेश की योगी सरकार भले ही प्रदेश को अपराध मुक्त करने के दावे कर ले किन्तु अधिकारियों की कार्यशैली से सरकार के मंसूबे भाषणों और निर्देशों तक ही सीमित रह जाते हैं। वैसे तो यह एक पुरानी कहावत है कि चोर और पुलिस का चोली दामन का साथ होता है और रायबरेली पुलिस ने इसका नया उदाहरण पेश किया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार देश के ७९ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के मिलएरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डिघिया चौकी प्रभारी भारत सिंह द्वारा एक गैंगस्टर को मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया गया और उससे ही ध्वजारोहण भी कराया गया। घटना के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया जिसने पुलिस की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए।

मोटरसाइकिल चोरी के गिरोह में पकड़े गए राज नारायण मौर्य। (स्रोत: जागरण)
सूत्रों की मानें तो चौकी पर मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करने वाले राज नारायण मौर्य का पुराना अपराधिक इतिहास है और उन पर अनेक गंभीर मामलों में अभियोग भी पंजीकृत है तथा वह स्थानीय थाना क्षेत्र के निवासी भी हैं। इसके बावजूद भी चौकी प्रभारी द्वारा उसे मुख्य अतिथि के रूप में बुलाकर उसके साथ मंच साझा करना उक्त कहावत को चरितार्थ करते हुए उसे एक नए रूप में प्रस्तुत करता है। वहीं दूसरी ओर यह सवाल भी उठते हैं कि क्या चौकी प्रभारी को अपने क्षेत्र अंतर्गत रहने वाले अपराधियों की जानकारी नही है? यदि ऐसा है तो वह कैसे अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर पाएंगे और जनता के साथ न्याय कर पाएंगे?
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर को फोन किया गया किन्तु फ़ोन न उठने के कारण वार्ता न हो सकी। फिलहाल इस संबंध में विभाग द्वारा कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Author: Vikas Srivastava










