लौह पुरुष की 150 वीं जयंती के अवसर पर हुआ भव्य जयंती समारोह का आयोजन
रायबरेली।

लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती के अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल सेवा संस्थान रायबरेली में एक भव्य जयंती समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर बालकुमार पटेल पूर्व सांसद मिर्जापुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग सम्मिलित हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मधुरेश कुमार सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल जिन्होंने 562 रियासतों को उसे समय एक सूत्र में बांधने का काम किया जब न इतना मीडिया तंत्र था, न मोबाइल सिस्टम और न सोशल मीडिया, बावजूद इसके सरदार पटेल ने भारतवर्ष को एक सूत्र में बांधने का काम किया। उनकी दूरदर्शिता तथा सक्षम नेतृत्व ने वह कर दिखाया जिसने विभिन्न संस्कृतियों, बोली, भाषा तथा विभिन्न मतों के मानने वालों को भी एक माला के रूप में पिरोया। सरदार पटेल नाम नहीं है एक विचार है जिनको प्रत्येक वर्ग, राजनीति पार्टी व हर सम्प्रदाय के लोग अपनाना चाहते हैं। सरदार पटेल के वंशज होने के नाते हम सब की जिम्मेदारी दोगुनी हो जाती है एक तरफ समाज को जोड़ना तथा दूसरी ओर राष्ट्र की अखंडता को बनाए रखना है। समाज को जोड़ने तथा महिलाओं और युवाओं की इसमें भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हमारे समाज के अगुआ को बहुत ही मेहनत करनी है तथा एक-एक आदमी को सरदार पटेल के विचारों से अवगत कराना है। हमें सरदार श्री के विचारों को आगे बढ़ाना है तथा गांव-गांव जाकर समाज को संगठित करने की जरूरत है। निसंदेह हमारी मेहनत एक दिन रंग लाएगी और हमारा समाज सरदार पटेल के पद चिन्हों पर चलकर एक समग्र और मजबूत समाज बनेगा।
इस अवसर पर दुर्गेश पटेल एडवोकेट ने अपने विचार व्यक्ति की और कहा कि हमें सरदार पटेल के बताए हुए मार्ग पर चलते रहना है, बिना थके बिना रुके। इस अवसर पर रायबरेली की जानी-मानी हस्ती एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में एक अलग मुकाम हासिल करने वाले पत्रकार राम सजीवन चौधरी ने कहा कि सरदार पटेल ने कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक भारत को एक सूत्र में बांध दिया और वह कर दिखाया जो किसी सामान्य व्यक्ति के लिए आसान नहीं था, उन्होंने किसान आंदोलन की महिलाओं के हक में आंदोलन की और आजादी की लड़ाई को एक सही दिशा दी उन्होंने गांधी जी के सत्य और अहिंसा का साथ कभी नहीं छोड़ा, इसी का परिणाम था कि एक आजाद और अखंड भारत का निर्माण हुआ। हम सब की जिम्मेदारी है कि उनके सपनों को उनके विचारों को आगे बढ़ाएं और जनता तक पहुंचाएं।
उक्त अवसर पर बस्ती के धनंजय पटेल, मानसिंह पटेल, धर्मेंद्र पटेल एडवोकेट, सर्वेश प्रताप सिंह एडवोकेट, संदीप सिंह, देवेश सिंह, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष कामिनी पटेल समेत अन्य महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे जिन्होंने सरदार श्री के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।










