Search
Close this search box.

आरजीआईपीटी में हुआ “ऊर्जा संगम 2025” का शंखनाद 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आरजीआईपीटी में हुआ “ऊर्जा संगम 2025” का शंखनाद 

दस नवम्बर से होगा ऊर्जा नवाचार और प्रेरणा का संगम

जायस, अमेठी।

राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान, जायस, अमेठी में पत्रकार वार्ता के साथ “ऊर्जा संगम 2025” का शंखनाद किया गया। “ऊर्जा संगम 2025” का शुभारंभ आगामी 10 नवम्बर से किया जाएगा जो 16 नवंबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए संस्थान के निदेशक आचार्य हरीश हिरानी ने कहा कि “ऊर्जा संगम 2025″ सिर्फ़ एक उत्सव नहीं है यह आरजीआईपीटी के इस विश्वास की जीवंत अभिव्यक्ति है कि जब ऊर्जा के विविध रूप मिलते हैं तो वे अनंत संभावनाओं का सृजन करते हैं। यह आयोजन बुद्धि, रचनात्मकता और करुणा के उस संगम का उत्सव मनाता है जो हमारे छात्रों और संस्थान के एक स्थायी भविष्य के दृष्टिकोण को परिभाषित करता है।”

उन्होंने बताया कि यह सात दिवसीय आयोजन एक प्रेरणादायक छात्र महोत्सव है। पहली बार, संस्थान ने अपने चार प्रतिष्ठित उत्सवों को एक मंच पर एकत्रित कर, ऊर्जा, बुद्धिमत्ता और संवेदना के संगम का प्रतीक प्रस्तुत कर रहा है। इस एकीकरण का उद्देश्य है विभिन्न विषयों के बीच सहभागिता को प्रोत्साहित करना ताकि विद्यार्थी सीमाओं से परे जाकर सीख सकें, प्रदर्शन कर सकें और नवाचार कर सकें।

संस्थान के अकादमिक डीन आचार्य देवाशीष पंड्या ने बताया कि इस ऊर्जा संगम में एनर्जिया, ऊर्जोत्सव, कलतरंग एवं सौहार्द्य का समागम होने जा रहा है जिसमें खेल, तकनीकी एवं उद्यमिता उत्सव, सांस्कृतिक एवं सामाजिक का समावेश किया जा रहा है जो युवा नवाचारियों के लिए एक मंच प्रदान करता है। इस उत्सव में इनोवेशन चैलेंज, हैकिनफिनिटी, रोबोटिक्स ओलंपियाड, आरसी प्लेन, आइडियाथन और टेक एक्सपो जैसी प्रतियोगिताएँ होंगी, जिससे प्रतिभागी अपनी कल्पनाशक्ति को क्रियान्वित कर सकते हैं। उर्जा संगम विद्यार्थियों को व्यवहारिक रूप से सीखने, उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद और विद्वत्ता, रचनात्मकता व संवेदनशीलता के अद्वितीय संगम का अनुभव करने का अवसर प्रदान करता है। इस  कार्यक्रम में लगभग 2000 छात्र सहभागिता करेंगे, जिन्हें ₹5 लाख से अधिक के आकर्षक नकद पुरस्कार एवं पदक प्रदान किए जायेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की अधिक जानकारी एवं प्रतिभाग करने हेतु संस्थान की वेबसाइट www.urjasangam.com पर विजिट कर सकते हैं तथा ईमेल urjasangam@rgipt.ac.in पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Comment

और पढ़ें