
रायबरेली से बार काउंसिल प्रत्याशी ने गाजियाबाद पहुंच कर मांगा प्रथम वरीयता का सहयोग
गाजियाबाद।
बार काउंसिल उत्तर प्रदेश के चुनावों की घोषणा के साथ ही प्रत्याशियों ने अपना प्रचार शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रायबरेली से बार काउंसिल सदस्य के रूप में चुनावी मैदान में उतरे अधिवक्ता आलोक कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को गाजियाबाद न्यायालय और गाजियाबाद तहसील पहुंच कर अधिवक्ताओं से भेंट कर अपने लिए समर्थन मांगा।

रायबरेली के आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बार एसोसिएशन गाजियाबाद के वर्तमान अध्यक्ष दीपक शर्मा, सचिव अमित कुमार नेहरा और पूर्व अध्यक्ष योगेंद्र कौशिक से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने कोर्ट में मौजूद अधिवक्ताओं के चेंबर्स में जाकर अपने लिए प्रथम वरीयता में मत देने हेतु सहयोग मांगा।


इस अवसर पर आलोक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बार काउंसिल अधिवक्ताओं के भविष्य और उनकी सुरक्षा के लिए निरंतर कटिबद्ध है। वर्तमान में देश की राजधानी दिल्ली समेत अन्य स्थानों पर अधिवक्ताओं पर जानलेवा हमले किए जा रहे हैं, जो बेहद शर्मनाक हैं। सरकार को अधिवक्ताओं के लिए जीवन, स्वास्थ्य बीमा की व्यवस्था करनी चाहिए। जिससे उनका और उनके परिवार का भविष्य सुरक्षित रहे। संपर्क के दौरान गाजियाबाद के समस्त अधिवक्ताओं ने आलोक कुमार श्रीवास्तव को अपना पूरा समर्थन देने हेतु आश्वस्त किया।
Author: Vikas Srivastava










