
जिला न्यायालय बागपत पहुंचकर बार काउंसिल प्रत्याशी ने मांगा समर्थन
बागपत।
उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव के ज्यों ज्यों नजदीक आ रहा है त्यों त्यों मैदान में उतरे बार प्रत्याशियों द्वारा अपने लिए समर्थन जुटाने का काम जोर पकड़ता जा रहा है। इसी क्रम में रायबरेली से बार काउंसिल प्रत्याशी आलोक कुमार श्रीवास्तव शुक्रवार को बागपत जिला न्यायालय और तहसील पहुंचे, जहां उन्होंने अपने समर्थन में सीट टू सीट कैंपेन चलाया। इस दौरान उन्होंने जिला न्यायालय पहुंचकर बार एसोसिएशन के वर्तमान अध्यक्ष सहित अन्य अधिवक्ता भाई-बहनों से भेंट कर आगामी बार काउंसिल के चुनाव में अपने लिए प्रथम वरीयता का वोट और सपोर्ट मांगा।

इस दौरान आलोक कुमार ने कहा कि वह हमेशा से ही अधिवक्ताओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहे हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे। सरकार के माध्यम से उनकी कोशिश है कि सभी अधिवक्ता बंधुओं के लिए जीवन व स्वास्थ्य बीमा का इंतजाम किया जाए। जिससे अधिवक्ता बंधुओं के परिजनों और उनके जीवन को सुरक्षित किया जा सके। आलोक कुमार ने कहा कि बागपत के अधिवक्ता भाई बहनों ने जो प्यार और समर्थन उन्हें दिया है, उसके लिए वह सदा उनके आभारी रहेंगे।

Author: Vikas Srivastava










