आरजीआईपीटी में उर्जोत्सव और सौहार्द्य 2025 के प्रथम संस्करण का हुआ भव्य समापन
जायस, अमेठी।

राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (आरजीआईपीटी), जायस में ऊर्जा संगम 2025 के अंतर्गत आयोजित उर्जोत्सव और सौहार्द्य 2025 के प्रथम संस्करण का समापन समारोह भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में अमेठी की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक (आई पी एस) उपस्थित रहीं, जिन्होंने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए और विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संबोधन दिया। मुख्य अतिथि ने कहा,”आप सभी अत्यंत सौभाग्यशाली हैं कि राष्ट्रीय महत्व के इस संस्थान में अध्ययनरत हैं। नवाचार और ज्ञानवर्धक गतिविधियाँ न केवल व्यक्तिगत विकास का माध्यम हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के उत्थान में भी सहायक हैं।”
संस्थान के निदेशक प्रो. हरीश हिरानी ने विद्यार्थियों को आत्ममंथन और सतत सुधार की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा,”यदि हम अपनी वर्तमान स्थिति से संतुष्ट हो जाएँ और त्रुटियों की संभावना से इनकार करें, तो प्रगति रुक जाती है। आत्मालोचना ही विकास का मार्ग प्रशस्त करती है।” अधिष्ठाता छात्र मामले डॉ. देवाशीष पाण्डा ने छात्रों को उनके अथक प्रयास और उत्तम प्रदर्शन हेतु साधुवाद किया और इसे निरन्तर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी अवगत कराया की सौहार्द्य कार्यक्रम के लिए पिछले कई वर्षों से समाजिक परिषद के छात्र-छात्रायें प्रयासरत थे जिसका शुभारम्भ सौहार्द्य 2025 है। इसका यह प्रथम संस्करण भविष्य के लिये प्रेरणादायक होगा।
डॉ. करन मलिक, विज्ञान एवं तकनीकी परिषद के संयोजक ने बताया कि कार्यक्रम में लगभग 2000 प्रतिभागियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने नवाचार से युक्त उच्चस्तरीय प्रदर्शनियों का आयोजन किया। डॉ. अरविन्द सिंह, सामाजिक सेवा परिषद के संयोजक ने बताया कि रायबरेली और अमेठी के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी मनमोहक प्रदर्शनी प्रस्तुत की। साथ ही, संस्थान के विद्यार्थियों ने सामाजिक मुद्दों पर लघु वीडियो बनाकर जन जागरूकता का कार्य किया। समापन के उपरांत विद्यार्थियों के मनोरंजन हेतु डीजे नाइट का आयोजन किया गया, जिसमें डीजे सीन ने अपनी प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।









