भव्यता के साथ मनाई गई जननायक कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भव्यता के साथ मनाई गई जननायक कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती

 

संवाददाता

रायबरेली।

देश के महान स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षक, समाजवादी नेता एवं गरीब-वंचित वर्ग की बुलंद आवाज़ रहे जननायक कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती रायबरेली नगर क्षेत्र अंतर्गत गोरा बाजार स्थित गोल्डन उत्सव लॉन में पूरे श्रद्धा, सम्मान और भव्यता के साथ मनाई गई। रायबरेली के जुझारू एवं संघर्षशील युवा ऋषभ सेन दीप, अभिषेक ठाकुर, जीत वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष जितेंद्र सविता, सचिन शर्मा, चंदन, बीनू शर्मा, सतीश वर्मा के तत्वाधान में संपन्न इस भव्य आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम ईश्वर की आराधना के पश्चात जननायक कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि के साथ किया गया। तदोपरांत आयोजकों द्वारा मुख्य अतिथि सामाजिक स्वाभिमान समिति संस्थापक एवं लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ० सी. के. वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव शशिकांत शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष शत्रुघ्न सोनकर एवं मंचासीन गणमान्य व्यक्तियों का माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया गया तथा उन्हें ‘कर्पूरी रत्न सम्मान’ देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के जीवन और संघर्ष पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समानता और गरीबों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। एक साधारण परिवार से निकलकर दो बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने तक का उनका सफर आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। वे दशकों तक विधायक और विपक्ष के नेता के रूप में भी सक्रिय रहे तथा सत्ता में रहते हुए भी सादगी, ईमानदारी और जनसेवा को सर्वोपरि रखा।

वक्ताओं ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर को उनकी अपार लोकप्रियता और आमजन की आवाज़ बनने के कारण ही जीवनकाल में ‘जननायक’ की उपाधि प्राप्त हुई। मरणोपरांत उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया जाना उनके योगदान का सशक्त प्रमाण है।

कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र के चौथे स्तंभ कहे जाने वाले पत्रकारों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें अंगवस्त्र, मानपत्र एवं कर्पूरी रत्न सम्मान प्रदान कर समाज में उनके योगदान की सराहना की गई। इसके साथ ही समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय एवं सम्मानित व्यक्तियों को भी कर्पूरी रत्न सम्मान से अलंकृत किया गया और उनके सामाजिक कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की गई। आयोजन में उपस्थित जनसमूह ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता एवं जनकल्याण के संदेश के साथ हुआ। आयोजन की सफलता पर आयोजकों को सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने बधाई दी।

यह भव्य आयोजन न केवल जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम बना, बल्कि सामाजिक न्याय और समता के उनके सपनों को आगे बढ़ाने का भी एक सशक्त प्रयास सिद्ध हुआ। इस आयोजन में सैनिक समाज सेवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट जय सिंह यादव, लोहिया वाहिनी सपा प्रदेश सचिव एडवोकेट राहुल निर्मल बागी का विशेष सहयोग रहा।

गणतंत्र दिवस 2026 के पावन अवसर पर विज्ञापन देकर अपना अमूल्य सहयोग प्रदान करें।

Vikas Varta
Author: Vikas Varta

Leave a Comment

और पढ़ें