
ई.ओ. नगर पालिका के विरुद्ध व्यापारियों का जोरदार प्रदर्शन
जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष जमकर की नारेबाजी

संवाददाता
रायबरेली।
नगर क्षेत्र स्थित गुरु तेग बहादुर मार्केट (सुपर मार्केट) ध्वस्तीकरण मामले को लेकर सैकड़ों व्यापारियों ने लामबंद होकर नगर पालिका परिषद रायबरेली के अधिशाषी अधिकारी के विरुद्ध जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सुपर मार्केट परिसर से पैदल मार्च करते हुए व्यापारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष एकत्र होकर अधिशाषी अधिकारी के विरुद्ध जमकर नारेबाजी करते हुए नगर पालिका के विरुद्ध अपना आक्रोश जताया।
व्यापारियों ने बताया कि गुरु तेग बहादुर मार्केट (सुपर मार्केट) की वर्षों पुरानी बिल्डिंग को पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा जर्जर घोषित किए जाने के बाद नगर पालिका द्वारा पूरी बिल्डिंग को गिराकर नए स्वरूप में निर्माण करने का प्रस्ताव लाया गया है। इस प्रस्ताव से सुपर मार्केट में वर्षों से दुकानें चला रहे सैकड़ों दुकानदारों के सामने बेरोजगारी का संकट खड़ा हो गया है।
प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों का कहना है कि यदि बिल्डिंग क्षतिग्रस्त है तो उसकी मरम्मत कराई जा सकती है, लेकिन पूरी बिल्डिंग को गिराना नियम और नीति के विरुद्ध है। व्यापारियों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानदारों को उजाड़ने की तैयारी कर रहा है, जो किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। व्यापारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मांग की कि जब तक कोई ठोस और सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक सुपर मार्केट की बिल्डिंग को गिराने का प्रस्ताव तत्काल प्रभाव से रोका जाए।
उक्त विरोध प्रदर्शन में प्रमुख रूप से व्यापारी नेता पारुल बाजपेई, अतुल गुप्ता, पंकज मुरारका सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Author: Vikas Srivastava










