वृद्धों की सेवा में बढ़ाया हाथ: ‘माँ मेरा अपना आंगन’ संस्था ने बांटीं खुशियां और दवाइयां
संस्था ने निभाया वादा, बुजुर्गों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
संवाददाता

रायबरेली।
नर सेवा ही नारायण सेवा है, इसी मूलमंत्र को चरितार्थ करते हुए सामाजिक संस्था ‘माँ मेरा अपना आंगन’ (MAA) द्वारा बुजुर्गों के स्वास्थ्य और सम्मान के लिए एक सराहनीय पहल की गई। 17 मई को संस्था की ओर से रायबरेली में आई टी आई कॉलोनी स्थित वृद्ध जन आवास में एक विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया गया था, जिसमें रायबरेली के सुप्रसिद्ध ऑर्थोपेडिक सर्जन (हड्डी रोग विशेषज्ञ) डॉ. मनीष त्रिवेदी ने वृद्धजन आवास के बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया।
इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए, आज ‘माँ मेरा अपना आंगन’ संस्था की संस्थापिका एवं अध्यक्षा प्रियंका आर पांडेय ने स्वयं वृद्धजन आवास (वृद्धाश्रम) पहुंचकर डॉ. मनीष त्रिवेदी द्वारा परामर्शित सभी आवश्यक दवाइयां बुजुर्गों को भेंट कीं।
दवाइयां और स्वास्थ्य लाभ पाकर आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे। संस्था की अध्यक्षा प्रियंका आर पांडेय ने इस मौके पर कहा, “बुजुर्ग हमारे समाज की धरोहर हैं। उनकी सेहत और मानसिक शांति का ध्यान रखना हमारा परम कर्तव्य है। ‘M.A.A. – मेरा अपना आंगन’ संस्था हमेशा असहायों और बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।”
इस दौरान आश्रम प्रबंधन और वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों ने संस्था के इस सेवा भाव की प्रशंसा की और पूरी टीम को ढेर सारा आशीर्वाद व दुआएं दीं। इस अवसर पर संस्था के सदस्य ऋषि सिन्हा, यासीन अहमद, शानू, शैलेन्द्र गुप्ता के साथ अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।








