
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के हक के लिए लखनऊ में 14 अक्टूबर को विशाल विरोध प्रदर्शन
संरक्षक विक्रम सिंह ने बहनों से की एकजुट होने की अपील

रायबरेली।
अधिकार संयुक्त मोर्चा, उत्तर प्रदेश, 14अक्टूबर 2024 को लखनऊ स्थित इको गार्डन में एक विशाल विरोध प्रदर्शन का आयोजन करने जा रहा है। यह विरोध प्रदेश सरकार द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की एजुकेटर भर्ती में अनियमितताओं और लम्बित मामलों के समाधान में हो रही देरी के विरोध में किया जा रहा है। मोर्चा के प्रमुख पदाधिकारियों ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के हितों की लंबे समय से अनदेखी हो रही है, जिसके कारण यह प्रदर्शन अपरिहार्य हो गया है। रायबरेली जनपद से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में भाग लेंगे।
संरक्षक विक्रम सिंह ने भी सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, विशेष रूप से बहनों से अपील की है कि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए इस महत्वपूर्ण आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। मोर्चा की प्रमुख मांगों में एजुकेटर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, सभी लंबित मामलों का त्वरित निपटारा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है। इस प्रदर्शन की सूचना पहले ही जिलाधिकारी को दी जा चुकी है। आंगनवाड़ी अधिकार संयुक्त मोर्चा ने समस्त आंगनवाड़ी बहनों से आह्वान किया है कि वे एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई में शामिल हों और इस विरोध प्रदर्शन को सफल बनाएं।
Author: Vikas Srivastava










