
भदोही में प्रधानाचार्य की गोली मार कर हत्या

भदोही।
भदोही शहर में स्थित नेशनल इंटर कालेज के प्रधानाचार्य योगेन्द्र बहादुर सिंह की बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। भदोही कोतवाली के अमिलौरी निवासी प्रधानाचार्य घर से निकलकर अपने भदोही के नेशनल इंटर कॉलेज जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी अनुसार वे अपने घर से लगभग 800 मीटर की दूरी पर बसवानपुर के पास पहुंचे ही थे कि इस बीच बाइक पर सवार दो युवक हाथ में मोबाइल लिए सामने से आते दिखाई दिए। दोनों उनकी कार को हाथ देकर रोका और कार का शीशा खोलकर उन्हें मोबाइल लेने की बात कही। प्रधानाचार्य ने जैसे ही कार का शीशा खोला दोनों बदमाशों ने एक के बाद एक दस गोलियां उनके सीने में उतार दी और आखिरी गोली कार के पहिए में मारकर फरार हो गए। गोलियों से छलनी होने के बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल प्रधानाचार्य को चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बदमाशो की तलाश की जा रही है तथा घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन, एएसपी डॉ. तेजबीर सिंह मय दल बल मौके पर पहुंच गए। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक पुलिस इस मामले में कुछ भी बोलने से इनकार कर रही है।
Author: Vikas Srivastava










