
स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से खतरे में जनजीवन
रायबरेली।
जनपद में मानकविहीन तरीके से संचालित अवैध क्लीनिक में मरीजों की जान के खिलवाड़ की घटनाएं आम हो चुकी हैं। जिसके चलते कई मरीजों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी। किन्तु इन सभी मामलों में जिम्मेदार स्वास्थ्य विभाग ऐसे संस्थानों से साठगांठ करके अपनी जेबें भर लोगों को मरने के लिए छोड़ देता है। गुरुबक्सगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत सतांव कस्बे में खुलेआम संचालित एक ऐसे ही क्लीनिक में तैनात चिकित्सक ने यह तक कह डाला कि जनपद में मेरे जैसे हजारों लोग हैं सीएमओ और सरकार भी मेरा कुछ नही कर सकते।

प्राप्त जानकारी अनुसार सतांव कस्बे में रायबरेली गुरुबक्सगंज मुख्य मार्ग पर संचालित इस क्लीनिक में एक अयोग्य और अनपढ़ तथाकथित चिकित्सक द्वारा एक कोठरी में पूरा अस्पताल चलाया जा रहा है जहां दवाई देने के साथ साथ इंजेक्शन लगाने व अन्य प्रकार से इलाज कर लोगों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। पत्रकारों द्वारा जानकारी करने पर चिकित्सक द्वारा उनके साथ अभद्रता करते हुए मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया। चिकित्सक द्वारा दिए गए बयानों और इस प्रकार के कृत्य से स्पष्ट होता है कि इसके पीछे स्वास्थ्य विभाग मिलीभगत अवश्य है अन्यथा इस प्रकार से शासन व प्रशासन को चुनौती देने की हिम्मत न पड़ती।

Author: Vikas Srivastava










