
साठ घंटे बाद खदान में उतराता मिला युवक का शव

सोनभद्र।
स्थानीय बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में स्थित बंद पड़ी एक 100 फिट गहरे खदान में शुक्रवार की रात पार्टी करने के दौरान पैर फिसलने से गिरे एक छब्बीस वर्षीय युवक का शव लगभग 60 घंटे बाद सोमवार की सुबह खदान में उतराया हुआ मिला। मौके पर मौजूद वाराणसी से आई एसडीआरएफ की टीम ने पानी से भरे खदान से शव को बाहर निकाला। ओबरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं शव मिलते ही परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बता दें कि 26 वर्षीय युवक अशोक सिंह उर्फ छोटू पुत्र स्व धर्मजीत सिंह निवासी श्री राम नगर कालोनी हाल पता ओबरा गेस्ट हाउस के पीछे से 01कालोनी ओबरा, खदान के ऊपरी हिस्से में बने एक जर्जर कमरे में अपने दो सगे भाइयों एवं दोस्तो के साथ पार्टी कर रहा था। इस दौरान अचानक मृतक युवक का पैर फिसल गया और लगभग 100 फीट गहरे पानी से भरे एक बंद खदान में गिरकर डूब गया। इस दौरान पार्टी में मौजूद भाई जितेंद्र ने उसे बचाने का प्रयास भी किया था लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इस घटना के तुरंत बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। इसके बाद ओबरा पुलिस घटना स्थल पर पहुंच लोगों से पूछतांछ कर जांच में जुट गई। वहीं प्रशासन की सूचना पर शव को खोजने के स्थानीय गोताखोरों के साथ ही वाराणसी से बुलाई गई एसडीआरएफ की टीम दो दिनों से गहरे खदान में शव की तलाश में जुटी हुई थी लेकिन शव नहीं मिल सका। सोमवार की सुबह परिजनों ने खदान में शव उतराया देख पुलिस प्रशासन को सूचना दी। इसके पश्चात शव को निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं शव मिलने से पहले समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड, जिलाधिकारी बी एन सिंह, एसडीएम ओबरा विवेक कुमार सिंह, ओबरा क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय ने घटना स्थल का दौरा कर पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी।
बी. एन. यादव की रिपोर्ट
Author: Vikas Srivastava










