डीएम, एसपी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, केंद्र प्रमुख से की मंत्रणा
मातहतों को दिए आवश्यक दिशा- निर्देश

बी एन यादव
सोनभद्र।
बभनी स्थित सेवा समर्पण संस्थान सेवाकुंज आश्रम कारीडांड चपकी में 19 दिसंबर को राज्यपाल के आगमन को लेकर शासन प्रशासन सतर्क है। आगमन को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। शुक्रवार को डीएम और एसपी ने सेवाकुंज आश्रम पहुंच कर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सेवा समर्पण संस्थान सेवाकुंज आश्रम कारीडांड चपकी में 19 दिसंबर को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन के आगमन को लेकर महकमा सतर्क है। शुक्रवार को जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा सेवाकुंज आश्रम कारीडांड पहुंच कर कार्यक्रम स्थल का अवलोकन किया।इसके पूर्व वन विभाग के डाक बंगले में रुककर वहां डीएफओ व वन क्षेत्राधिकारी से क्षेत्र के बारे में जानकारी ली तथा नर्सरी को देखा। सेवाकुंज आश्रम पहुंचने के बाद सर्व प्रथम हेलीपैड, सेफ हाउस, अतिथि कक्ष, कार्यक्रम स्थल आदि स्थानों का निरीक्षण किया। डीएम और एसपी ने केंद्र प्रमुख कृष्ण गोपाल से बैठक कर कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता व अवर अभियंता को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आपको बता दें कि महामहिम राज्यपाल पहले किसानों को पट्टे का वितरण करेंगी। इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों में किट वितरण करेंगी। जिलाधिकारी श्री सिंह ने बताया कि राज्यपाल का आगमन 10.30 बजे तक सेवाकुंज आश्रम में होगा जो 1.30 बजे तक रहेंगी। इसके बीच में सभी कार्यक्रम संपादित होंगे।इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी डा. भानेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एस के सिंह, क्षेत्राधिकारी दुद्धी प्रदीप सिंह चंदेल, वन क्षेत्राधिकारी प्रेम प्रकाश चौबे, समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव, खंड विकास अधिकारी अजीत कुमार यादव, अवर अभियंता जितेन्द्र कुमार तिवारी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत शतीश कुमार सिंह, प्रभारी उप निरीक्षक शशिकांत सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।









