
गांव में हुई चोरी की घटना से दहशत में ग्रामीण
महाराजगंज, रायबरेली।
जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमुरवां में अज्ञात चोरों ने नकदी समेत लगभग दो लाख रुपए की चोरी की घटना को अंजाम दिया।
ज्ञात हो कि ग्राम जमुरवां निवासी कृष्ण कुमार श्रीवास्तव अपनी पत्नी के साथ बीती 6 जनवरी को अपने रायबरेली स्थित आवास पर गए हुए थे। घर खाली पाकर अज्ञात चोरों द्वारा घर के पीछे की तरफ से पाइप के छत के रास्ते घर में घुसकर घर के सभी कमरों व रसोईघर में बंद ताले तोड़कर कमरे में रखे अलमारी एवं संदूकों को खोल कर उसमें रखे सोने व चांदी के आभूषणों समेत, बर्तन, कपड़े इत्यादि उठा ले गए। शनिवार सांयकाल को जब गृहस्वामी अपने परिवार के साथ वापस आया और मुख्य द्वार खोल कर घर के अन्दर आकर देखा तो सभी कमरों के दरवाजे खुले देखकर सभी लोग हतप्रभ रह गए। कमरे के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था अलमारी एवं संदूकों में रखा कीमती सामान, कपड़े समेत सोने चांदी के आभूषणों समेत पीतल व स्टील के बर्तन गायब मिले। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सभी में इस घटना को लेकर भय व्याप्त है।


सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का मुआयना किया। गृहस्वामिनी माधुरी श्रीवास्तव ने बताया कि घर में रखी नकदी समेत लगभग दो लाख का सामान चोरी हुआ है। महराजगंज कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि उक्त मामले में परिजनों द्वारा तहरीर प्राप्त हुई है, जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी।
Author: Vikas Srivastava











