
शराब न पिलाने पर चाकू से किया वार, हमलावर फरार

नसीराबाद, रायबरेली।
नशे की लत ऐसी कि आदमी नशे के लिए कुछ भी कर गुजरता है। ऐसा ही एक मामला जनपद के नसीराबाद से सामने आया है जहां दो युवकों में शराब पिलाने को लेकर वाद विवाद इस कदर बढ़ गया कि एक युवक ने धारदार चाकू से अपने दूसरे साथी पर हमला कर दिया, जिससे दूसरा युवक घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने घायल को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया जहां इलाज जारी है। समाचार लिखे जाने तक थाने में घायल की ओर से तहरीर नहीं दी गई। वहीं पुलिस पूरे मामले पर पड़ताल कर रही है।
प्राप्त जानकारी अनुसार गुरुवार को राजापुर निवासी अनुज (16) अपने चाचा वीरेंद्र के साथ देवापुर भल्लू की चाय की दुकान पर बैठा था तभी शैलेश उर्फ गुड्डू ने धोखे से अनुज के पीठ पर चाकू से वार कर दिया। स्थानीय लोग जब तक पकड़ने की कोशिश करते तब तक हमलावर मौके से भागने में कामयाब रहा। सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल कर पूरा मामला नसीराबाद थाना अध्यक्ष को बताया। उक्त मामले में पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है कि आखिर चाकू से वार क्यों किया गया। घायल के चाचा बीरेंद्र की माने तो दोनों दोस्त हैं। दोनों बभनपुर मेला साथ गए थे जहां शराब पिलाने की शर्त लगी थी। अनुज द्वारा शैलेश को शराब नहीं पिलाई गई जिस वजह से शैलेश नाराज चल रहा था और घटना को अंजाम दिया। नसीराबाद थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार का कहना है कि तहरीर नही मिली है, फिलहाल जांच की जा रही है, तहरीर मिलेगी तो कार्यवाही की जाएगी।
Author: Vikas Srivastava










