Search
Close this search box.

निबंधन कार्यालय में फ़ैला काली कमाई का काला साम्राज्य 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निबंधन कार्यालय में फ़ैला काली कमाई का काला साम्राज्य 

जिलाधिकारी के नाक के नीचे हो रही लाखों की राजस्व चोरी

रायबरेली।

जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी कार्यालय से चंद कदमों की दूरी पर स्थित निबंधन कार्यालय में काली कमाई का काला साम्राज्य पूरी तरह से फैला हुआ है। यह कार्यालय काली कमाई का एक हम अहम अड्डा बन गया है जहां प्रतिदिन लाखों के राजस्व की चोरी, लिखाई के लिए रसीद के बराबर का अतिरिक्त शुल्क लिए जाने समेत अन्य घोटाले वर्षों से संचालित हैं। किन्तु विडम्बना यह है कि जिलाधिकारी कार्यालय से चंद कदमों की दूरी पर स्थित होने के उपरांत भी वर्षों से संचालित इन घोटालों पर जिले के मुखिया कहे जाने वाले जिलाधिकारियों ने अब तक इस पर कोई ठोस कार्यवाही करना उचित नही समझा, जो अपने आप में एक यक्ष प्रश्न है।

बीते दिनों 4 जनवरी 2025 को भदोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत अनिरुद्ध गांव में स्थित एक भूखण्ड के बैनामे में बड़ा स्टांप घोटाला किया गया। इस भूखण्ड को दो भागों में बिक्री किया गया जिसमें एक व्यक्ति के नाम पर एक करोड़ साठ लाख रुपए की भूमि बिक्रीत की गई और दूसरा बैनामा भी एक करोड़ साठ लाख रुपए में उसकी पत्नी के नाम पर किया गया। उक्त दोनों बैनामे एक ही दिन किए गए जिनमें कुल डेढ़ लाख एक सौ रुपए का स्टांप शुल्क अदा किया गया।

अब सवाल यह उठता है कि तीन करोड़ बीस लाख की संपत्ति का दो टुकड़ों में बैनामा करके मात्र डेढ़ लाख का स्टांप लगाकर लाखों रुपए के राजस्व की चपत लगाने में आखिर किसकी भूमिका है? क्या उप निबंधक ने इस पर जरा भी ध्यान देने की जरूरत नही समझी? हालांकि उप निबंधक सदर बृजेश पाठक का कहना है कि हमें यह सब देखने का अधिकार नही है हमारा कार्य मात्र राजस्व लेने का है जबकि ऐसे मामलों में तो सीधे तौर पर राजस्व की हानि होती है। फिलहाल उनके द्वारा जाँच कर इस पर कार्यवाही हेतु भेज दिया गया है।

वहीं यदि सूत्रों की मानें तो यह घोटाला उप निबंधक सदर बृजेश पाठक की मिलीभगत से किया गया है। इस घोटाले की रकम में कौन कौन हिस्सेदार हैं यह तो जांच के बाद ही सामने आएगा। यदि जांच की जाए तो ऐसे ही न जाने कितने मामले सामने आ जाएंगे जो इस काले साम्राज्य की हकीकत खोल सकते हैं। अब देखना यह होगा कि जिलाधिकारी हर्षिता माथुर इस मामले पर संज्ञान लेकर कोई कार्यवाही करती हैं या भ्रष्टाचार की दलदल में यह मामला भी डूब जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें