
आधार में संशोधन के लिए विद्यालयवार कैंप लगवाए सरकार: महेंद्र सिंह

पवन श्रीवास्तव
लखनऊ।
अपार आईडी पूरी न होने पर सरकारी प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों का वेतन रोके जाने पर आम आदमी पार्टी शिक्षा प्रकोष्ठ ने सख्त नाराजगी व्यक्त की है।
आम आदमी पार्टी शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने कहा कि ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री (अपार) आईडी बनाने में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। छात्र व उनके अभिभावकों के आधार कार्ड में कमियों के चलते एवं छात्र के आधार में दर्ज नाम, पते से स्कूल के रिकॉर्ड में थोड़ा भी अंतर है तो अपार आईडी नहीं बन पा रही है। आधार में संशोधन कराने के लिए छात्रों अभिभावकों को समय लग रहा है। शिक्षक लगातार अपना कार्य कर रहे हैं। जिन छात्रों के आधार सही है उनकी अपार आईडी पूर्ण हो रही है। इसके बावजूद शिक्षकों का वेतन रोका जाना नियम विरुद्ध है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने योगी सरकार से मांग की है कि शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर तत्काल शिक्षकों का वेतन जारी कराएं और आधार में संशोधन कराने के लिए विद्यालयवार कैंप लगवाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द शिक्षकों का वेतन भुगतान नहीं किया गया तो शिक्षक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
महेंद्र सिंह ने कहा तकनीकी दिक्कतों के बावजूद 100% अपार आईडी का कार्य पूरा करने का दबाव शिक्षकों पर बनाया जा रहा है यह तर्कसंगत नहीं है और उनका वेतन रोका जा रहा है। क्या इसी तरह BSA, DIOS का वेतन रोका जाएगा जिनके यहां वर्षों से शिक्षकों के एरियर, चयन, प्रोन्नत वेतनमान, पदोन्नति आदि प्रकरण लंबित पड़े हुए हैं।
Author: Vikas Srivastava










