
अवैध कब्जे के विरुद्ध धरने पर बैठे किसान कल्याण एसोसिएशन के कार्यकर्ता

रायबरेली।
नगर पंचायत में हो रहे अवैध कब्जे के विरुद्ध किसान कल्याण एसोसिएशन (अराजनैतिक) के कार्यकर्ताओं द्वारा जिला कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया गया। किसानों ने जिला अधिकारी से नसीराबाद नगर पंचायत की सहन भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग की। धरने की अध्यक्षता संगठन के जिला अध्यक्ष सदाशिव पांडे ने की, जबकि संचालन मंडल अध्यक्ष अरविंद कुमार जायसवाल ने किया।
किसानों ने बताया कि वकील अहमद पुत्र मोहम्मद सिद्दीकी, वार्ड नंबर 11, पटेल नगर, नसीराबाद की सहन भूमि पर नसीराबाद पुलिस ने सीताराम पुत्र संदलू, वार्ड नंबर 10 को जबरन कब्जा दिलवाया, जबकि यह मामला आठ वर्षों से दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने कई बार उच्च अधिकारियों को शिकायती पत्र दिए लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। आने-जाने का रास्ता कीचड़ और गड्ढों से खराब हो चुका है। किसानों का कहना है कि सरकार ने किसानों के मुद्दों पर बेहतर कार्यवाही के लिए प्रशासन को कड़े निर्देश दिए हैं लेकिन अधिकारियों की मनमानी के कारण न्याय नहीं मिल रहा।
किसान यूनियन ने चेतावनी दी कि जब तक सहन भूमि कब्जा मुक्त नहीं होगी और रास्ता नहीं बनाया जाएगा तब तक जिला अधिकारी कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। किसानों ने प्रशासन से तत्काल कार्यवाही की मांग की ताकि उन्हें न्याय मिल सके और उनकी समस्याओं का समाधान हो सके।
Author: Vikas Srivastava










