गर्भवती पत्नी की पत्थर से कुचलकर हत्या, पति गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गर्भवती पत्नी की पत्थर से कुचलकर हत्या

पति गिरफ्तार

 

हरि शंकर पाराशर 

कटनी।

जन्माष्टमी के पावन पर्व के अवसर पर जनपद भर में हर्षौल्लास का माहौल छाया हुआ है। इसी बीच कटनी जिले के माधवनगर थाना क्षेत्र के ग्राम जरवाही से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक गर्भवती महिला की उसके ही पति ने पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी और मातम का माहौल छा गया। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मृतका के शव को कब्जे में लिया और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना शनिवार, 16 अगस्त की तड़के सुबह करीब 5 बजे ग्राम जरवाही में हुई। 21 वर्षीय शिवानी उर्फ प्रिया बर्मन अपने घर में सो रही थी, तभी उसके पति रवि बर्मन ने पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही माधवनगर पुलिस और निवास चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी रवि बर्मन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

घरेलू विवाद हो सकता है हत्या का कारण

प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतका शिवानी उर्फ प्रिया मूल रूप से बिलहरी गांव की रहने वाली थी और उसका विवाह जरवाही निवासी रवि बर्मन के साथ हुआ था। दंपति के बीच अक्सर छोटी-मोटी बातों पर विवाद होता रहता था। पुलिस का मानना है कि घरेलू कलह इस हत्याकांड का प्रमुख कारण हो सकता है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। माधवनगर थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया, “यह एक दुखद और गंभीर घटना है। गर्भवती महिला की हत्या के मामले में आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच जारी है, जिसके आधार पर हत्याकांड के कारणों का खुलासा होगा।”

इस क्रूर घटना ने ग्राम जरवाही और आसपास के क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना ने जन्माष्टमी के पर्व की खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और जल्द ही तथ्यों को उजागर करने का दावा किया है।

निष्पक्ष पत्रकारिता हेतु QR Code को स्कैन कर अपना अमूल्य सहयोग प्रदान कर हमें मजबूती प्रदान करें।

Vikas Varta
Author: Vikas Varta

Leave a Comment

और पढ़ें