दिनदहाड़े पत्नी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस पर भी तानी पिस्टल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दिनदहाड़े पत्नी पर ताबड़तोड़ फायरिंग

पुलिस पर भी तानी पिस्टल

हरि शंकर पाराशर

ग्वालियर।

शुक्रवार दोपहर रूप सिंह स्टेडियम के सामने एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। एक युवक ने अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने महिला को सड़क पर रोका और उसके चेहरे पर एक-एक कर कई गोलियां चलाईं। हत्या के बाद वह शव के पास ही सड़क पर बैठा रहा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने पिस्टल तान दी। कड़ी मशक्कत के बाद आंसू गैस के गोले छोड़कर उसे काबू में किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने आरोपी की पिटाई भी की और उसे थाने ले गई। पीड़िता को 4-5 गोलियां लगी थीं। गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाए जाने के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। जांच में पता चला कि पीड़ित महिला और आरोपी पति-पत्नी थे। दोनों ने लव मैरिज की थी, लेकिन उनके बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

प्रत्यक्षदर्शी का दर्दनाक बयान

घटना स्थल पर मौजूद एडवोकेट एमपी सिंह ने बताया,”मैं न्यायालय से आ रहा था। तरुण पुष्कर तक पहुंचा ही था कि गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इधर आकर देखा तो एक साइको टाइप का व्यक्ति एक बच्ची पर एक-एक कर कई गोलियां चला रहा था। तीन गोलियां तो मेरे सामने चलीं। लड़की सड़क पर बेसुध पड़ी थी। भीड़ लगी हुई थी, लेकिन कोई उसे नियंत्रित नहीं कर पा रहा था। इसलिए पुलिस को सूचना दी। आंसू गैस के गोले छोड़ने के बाद ही आरोपी को पकड़ा जा सका।”

सीएसपी का बयान: कारण स्पष्ट नहीं, हथियार जब्त

सीएसपी नागेंद्र सिकरवार ने बताया,”विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में एक युवक ने दिनदहाड़े युवती को गोली मार दी। घटना के वक्त कई लोग मौजूद थे। पुलिस तुरंत पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गोली चलाने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। आरोपी ने पुलिस को डराने की कोशिश की, लेकिन न्यूनतम बल के प्रयोग से उसे काबू किया गया। उसके पास से हथियार भी जब्त कर लिया गया है। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम जांच कर रही है।”

झूठे वादों पर बनी शादी, पहले भी हमले का इतिहास

आरोपी का नाम अरविंद परिहार है, जो पहले से शादीशुदा था। उसने नंदिनी परिहार से आर्य समाज मंदिर में शादी की थी, लेकिन झूठ बोलकर दूसरी शादी की। नंदिनी ने पिछले मंगलवार (9 सितंबर) को एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद ने धोखे से शादी की, जबकि उसके पहले से पत्नी और बच्चे हैं। नंदिनी ने जनसुनवाई में विस्तार से बताया था कि जब उन्होंने विरोध किया तो 16 नवंबर 2024 को अरविंद और उसकी दोस्त पूजा परिहार ने उन पर हमला किया। इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई, जो अभी अदालत में विचाराधीन है। इसके अलावा, सिरोल थाने के पास नंदिनी अपने बेटे और माता-पिता के साथ पैदल जा रही थीं, तभी अरविंद ने तेज रफ्तार कार से उन्हें कुचलने की कोशिश की। इस हमले में नंदिनी को गंभीर चोटें आईं और थाने में केस दर्ज कराया गया।

नंदिनी ने यह भी आरोप लगाया था कि अरविंद और पूजा अब सोशल मीडिया पर उनकी फर्जी अश्लील फोटो-वीडियो वायरल कर रहे हैं। ये सामग्री परिवार को भी भेजी जा रही है। विरोध पर जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। अरविंद ने साफ कहा था कि अगर नंदिनी उसके पास वापस नहीं लौटीं तो उन्हें मार डालेगा। वह सहयोगी परिवारजनों को भी परेशान करता है और सोशल मीडिया पर किसी पुरुष के साथ उनकी फोटो देखकर अश्लील टिप्पणियां करता है। नंदिनी ने पुलिस से सुरक्षा और सख्त कार्यवाही की मांग की थी। पुलिस ने अरविंद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। जांच जारी है। यह घटना वैवाहिक विवादों की गंभीरता को उजागर करती है।

Vikas Varta
Author: Vikas Varta

Leave a Comment

और पढ़ें