
रायबरेली एम्स में हुआ विशेष स्वच्छता अभियान का आरम्भ

रायबरेली।
स्वच्छ भारत अभियान अंतर्गत जनपद के मुंशीगंज स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायबरेली में कार्यकारी निदेशक प्रो. अमिता जैन द्वारा 2 अक्टूबर को स्वच्छता रैली 5.0 और महीने भर चलने वाले विशेष स्वच्छता अभियान का उद्घाटन किया गया। यह अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा।
संस्थान के स्वच्छता विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कई आउटरीच कार्यक्रम, छात्र प्रतियोगिताएँ और सफाई अभियान शामिल हैं। संस्थान में स्वच्छता अभियान के नोडल अधिकारी डॉ सुयश सिंह ने बताया कि इस अभियान के दौरान स्वच्छता महोत्सव, हस्ताक्षर एवं शपथ अभियान, सौंदर्यीकरण एवं स्थान प्रबंधन, स्कूल आउटरीच कार्यक्रम, निबंध, पोस्टर तथा कौशल प्रतियोगियों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक विभाग के लिए अलग अलग नोडल अधिकारियों को नियुक्त किया गया है जो अपने विभागों में इन कार्यक्रमों का समन्वय करेंगे।
उद्घाटन रैली में कार्यकारी निदेशक के अतिरिक्त वित्तीय सलाहकार कर्नल उपेन्द्र नाथ राय, अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ नीरज कुमार श्रीवास्तव, स्वच्छता समिति के सदस्यों सहित कई संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं छात्र उपस्थित रहे।
Author: Vikas Srivastava










