
बच्चों की मुस्कान से खिलखिलाया एम्स परिसर
धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस

रायबरेली।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायबरेली के बाल रोग विभाग के द्वारा बाल दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह का आरंभ अतिथियों के आगमन तथा उनके स्वागत के साथ हुआ।

इस समारोह में एम्स रायबरेली की कार्यकारी निदेशक डॉ अमिता जैन, अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर नीरज श्रीवास्तव, डॉक्टर सुनीता सिंह, डॉ गौरव उपाध्याय, बाल रोग विभाग के विभाग अध्यक्ष डॉ मृत्युंजय कुमार एवं विभाग के अन्य सह आचार्य डॉ नमिता मिश्र, सहायक आचार्य डॉ राजकुमार तथा विभाग के रेजीडेंट डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, छात्र-छात्राओं, में अन्य स्टाफ ने मिलकर इस कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यकारी निदेशक डॉ अमिता जैन ने अपने अधिवेशन में बच्चों के अधिकार, शिक्षा, पोषण, सुरक्षा एवं कल्याण को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया तथा डॉ मृत्युंजय कुमार ने अपने संबोधन मे कहा कि बच्चे हमारे वर्तमान एवं भविष्य दोनों के प्रकाश हैं, उनका सुरक्षित स्वास्थ्य और खुश रहना हमारा सर्वोच्च दायित्व है।
इस अवसर पर 13 नवंबर को आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता के परिणाम की घोषणा की गई और विजेताओं को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं मिठाइयां वितरित की गई, जिससे कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों व उनके अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सहायक आचार्य डॉ. राजकुमार ने आयोजन के समापन के उपरांत सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया और संदेश दिया कि बच्चों की खुशी ही हमारे प्रेरणा में शक्ति है।
Author: Vikas Srivastava










