एनसीसी दिवस पर दयानंद पीजी कॉलेज में हुआ रैली का आयोजन
रायबरेली।

एनसीसी दिवस के अवसर पर दयानंद पीजी कॉलेज बछरावां में 66 बटालियन एनसीसी रायबरेली के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विक्रमादित्य सिंह पाल के दिशा निर्देशन में रैली, निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सुभाष चंद्र श्रीवास्तव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। बछरावां कोतवाली के सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली बछरावां कस्बे में ओजस्वी नारों के साथ घूम कर महाविद्यालय में आ कर समाप्त हुई। रैली के समापन के अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर सुभाष चंद्र श्रीवास्तव ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी कैडेट्स विश्व का सबसे बड़ा वर्दीधारी युवा संगठन है। एनसीसी कैडेट्स एकता और अनुशासन की मिसाल हैं। सामाजिक समरसता के अग्रदूत हैं।
एनसीसी एएनओ कैप्टन डॉक्टर विष्णु चंद श्रीवास्तव ने कैडेट्स को एनसीसी के इतिहास के बारे में बताया और एनसीसी के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। निबंध लेखन में प्रीतम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय और तृतीय स्थान क्रमशः अमन और दिक्षा को प्राप्त हुआ। पोस्टर मेकिंग में प्रथम स्थान क्षमा को प्राप्त हुआ वहीं द्वितीय और तृतीय स्थान गुंजन और आकाश को प्राप्त हुआ। इस कार्यक्रम का संयोजन ट्रेनर राहुल चौरसिया ने किया। इस अवसर पर विशाल, अजय, संजय, रंजीत, अंजलि आदि उपस्थित रहे और कार्यक्रम की सफलता के लिए भरपूर सहयोग प्रदान किया।










