इसरो में वैज्ञानिक बना लिलासी का लाल
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान (इसरो) में वैज्ञानिक के पद पर चयन से क्षेत्र में हर्ष
देश के कोने कोने तक सोनभद्र की प्रतिभाएं
बी एन यादव

सोनभद्र।
जनपद के म्योरपुर ब्लॉक के लिलासी गांव निवासी प्रदीप गुप्ता पुत्र बलराम का इसरो में वैज्ञानिक सी के पद पर चयन से क्षेत्रवासियों और परिवारजनों में हर्ष की लहर दौड़ गई। प्रदीप गुप्ता के पिता ने बताया कि प्रदीप ने प्रारंभिक से लेकर 10वीं तक की शिक्षा गांव के ही विद्यालय राजा चंडोल इंटर कॉलेज लिलासी से हुई। 12वीं की शिक्षा प्रयागराज से पूर्ण करने के बाद केंद्रीय विश्वविद्यालय गुरु घासीदास बिलासपुर से बी टेक की डिग्री प्राप्त की। यहां के बाद प्रदीप ने कभी पीछे मुड़कर पीछे नही देखा। आई आई टी दिल्ली से एम टेक (मेकेनिकल इंजीनियरिंग) करने के बाद एक कंपनी के लिए आने वाले इलेक्ट्रिक वाहनों हेतु सीनियर इंजीनियर के पद पर भी दायित्व का निर्वहन किया। अब देश के सबसे बड़े अनुसंधान केंद्र (इसरो) में वैज्ञानिक सी के पद पर कार्यरत होकर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।
प्रदीप गुप्ता से दूरभाष से बातचीत के दौरान बताया कि निरंतर मेहनत और स्वजनों के भरपूर सपोर्ट के कारण यह मुकाम हासिल हुआ है। प्रदीप ने अपने गुरुजनों, स्वजनों, मित्रों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य हासिल करने के लिए हमें निरंतर सही दिशा में कार्यों को करने की जरूरत होती है, साथ ही असफलताओं से सीखकर हमेशा आगे बढ़ने के लिए खुद को प्रेरित करते रहना चाहिए। बहरहाल सोनभद्र जनपद के लिए गर्व की बात है, जब एक छोटे से गांव से निकलकर आप इसरो तक का सफर तय करते हैं। आपको बताते चलें कि सोनभद्र जिले से कई युवकों का इसरो में चयन हुआ है।










