भूमिधरी जमीन पर अवैध निर्माण को लेकर हुआ विवाद
मारपीट व जान से मारने की धमकी का आरोप
उपजिलाधिकारी पर लगाया कार्यालय से भगाने का आरोप
रायबरेली।

जनपद के लालगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बेहटा कला गांव में भूमिधरी जमीन पर अवैध निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद का मामला प्रकाश में आया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रतिवादी पक्ष जमीन गाटा संख्या 1243, रकबा 1.4100 हेक्टेयर पर जबरन कब्जा कर भवन निर्माण कर रहा था। विरोध करने पर आवेदक पक्ष को गाली-गलौज और मारपीट की धमकियां दी गईं। जिसको लेकर पीड़ित बुजुर्ग ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच कर न्याय की गुहार लगाई।
शिकायतकर्ता सुरेश कुमार त्रिपाठी व देव कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गुरुवार 13 नवम्बर को लगभग 4 बजे वे अपनी भूमि देखने पहुंचे, जहां प्रतिवादी पक्ष द्वारा अवैध निर्माण किया जा रहा था, मना करने पर प्रतिवादी भैरव सिंह ने कथित रूप से बंदूक निकालकर शिकायतकर्ताओं को दौड़ाया, जिसके बाद पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे। पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने भूमि पर अवैध निर्माण रोकने के लिए क्षेत्रीय लेखपाल सहित एसडीएम लालगंज से शिकायत की किन्तु कोई सुनवाई नही हुई। शिकायतकर्ता ने एसडीएम लालगंज पर आरोप लगाते हुए बताया कि जब वह एसडीएम के पास शिकायत लेकर गया तो एसडीएम ने उसे भगा दिया और कहा,”यहां दोबारा मत आना, जो करना हो कर लो।” उधर प्रतिवादी लगातार कब्जा करने की धमकी देते रहते हैं।
इस सम्बन्ध में उपजिलाधिकारी लालगंज से संपर्क करने का प्रयास किया गया किन्तु उनका फोन नही उठा। फिलहाल पीड़ित शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में प्रतिवादी से जानमाल का खतरा बताते हुए अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाने और जानमाल की सुरक्षा हेतु गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।









