
तहसील परिसर में हुई मारपीट, घायल बार महामंत्री ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
स्थानीय पुलिस पर लगाया एकतरफा कार्यवाही का आरोप
संवाददाता
रायबरेली।
जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत तहसील परिसर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले में बार महामंत्री ने पुलिस पर एकतरफा कार्यवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई और निष्पक्ष जांच कर उचित कार्यवाही की मांग की।

बार महामंत्री अधिवक्ता पंकज प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि न्यायालय में साक्ष्य कराने के दौरान प्रतिपक्षी अधिवक्ता ज्योति प्रकाश अवस्थी ने मुकदमा छोड़ने को कहा व जूतों से मारने की धमकी दी और उनके साथ के कुछ लोगों द्वारा विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं और उनके रुपये और गले चैन भी छीन लिए गए और तहसील परिसर में स्थित उनकी सीट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

अधिवक्ता पंकज प्रकाश श्रीवास्तव का आरोप है कि पुलिस ने केवल दूसरे पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया, जबकि उनकी तहरीर पर अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई उल्टा उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया। बार महामंत्री ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है। वहीं इस घटना को लेकर अधिवक्ताओं में भी नाराजगी देखी जा रही है। इस सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी महराजगंज से संपर्क करने का प्रयास किया गया किन्तु तकनीकी समस्या के चलते बात नही हो सकी।
Author: Vikas Srivastava









