
कोचिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं आंगनवाड़ी संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री से की भेंट

संवाददाता
रायबरेली।
कोचिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, रायबरेली के जिलाध्यक्ष एवं आंगनवाड़ी संगठन के संरक्षक विक्रम सिंह के नेतृत्व में दोनों संगठनों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज पांडेय से भेंट कर दोनों संगठनों की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया।
बैठक के दौरान विक्रम सिंह ने जनपद में सील किए गए कोचिंग संस्थानों को आवश्यक मूलभूत कमियों की पूर्ति हेतु समय प्रदान करते हुए तत्काल संचालन की अनुमति दिए जाने की मांग उठाई। उन्होंने मांग की कि विद्यार्थियों के हितों को देखते हुए कोचिंग संस्थानों को शीघ्र संचालित करने की अनुमति प्रदान की जानी चाहिए। आंगनवाड़ी संगठन की अध्यक्ष बीना सिंह, संगठन महामंत्री स्नेहा सिंह तथा कोषाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं, विशेष रूप से सम्मानजनक मानदेय एवं अन्य लंबित मांगों को मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा।
कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज पांडेय ने दोनों संगठनों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे इन सभी मांगों एवं समस्याओं को उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेने के लिए गंभीर है और दोनों संगठनों को शीघ्र ही शुभ समाचार मिलेगा।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. मनोज पांडेय को उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ भी प्रेषित कीं तथा उनके सफल एवं जनकल्याणकारी कार्यकाल की मंगलकामना की। इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. पांडेय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि सरकार शीघ्र ही कोचिंग संस्थानों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान करेगी।
Author: Vikas Srivastava









