
आरजीआईपीटी में एसकेमकॉन-2024 के 20वें संस्करण का आयोजन

जायस-अमेठी।
रासायनिक एवं जैव रासायनिक अभियांत्रिकी विभाग राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान, आईआईसीएचई मुख्यालय एवं इसके अमेठी क्षेत्रीय केंद्र के संयुक्त तत्वाधान में केमिकल इंजीनियरिंग कांग्रेस (एसकेमकॉन-2024) के 20वें संस्करण के दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजन किया जा रहा है।
राष्ट्रीय आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो ए.एस.के. सिन्हा ने प्रेसवार्ता के माध्यम से बताया कि यह कॉन्फ्रेन्स भारतीय रासायनिक इंजीनियर्स संस्थान (आईआईसीएचई) का वार्षिक कार्यक्रम है जोकि रासायनिक अभियांत्रिकी के स्नातक छात्र-छात्राओं को निरंतर होने वाले वर्तमान-कालीन अन्वेषण की अंतर्दृष्टि प्रदान करता है। यह संस्करण “न्यू पैराडाइमस् ऑफ केमिकल इंजीनियरिंग” (“रासायनिक अभियांत्रिकी के नव प्रतिमान”) विषय पर आधारित है, जोकि छात्र-छात्राओं को रासायनिक अभियांत्रिकी के महत्वपूर्ण मुद्दों पर देश के ख्याति प्राप्त वरिष्ठ एवं युवा वैज्ञानिक तथा अनुसंधानकर्ताओं के साथ जुड़ने का एक बेहतर मंच एवं सुअवसर प्रदान करेगा।
कॉन्फ्रेन्स के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा और इंडियन ऑयल बोर्ड में प्रथम महिला कार्यकारी निदेशक मिस सुक्ला मिस्त्री मौजूद रहेगें। इस कॉन्फ्रेन्स में सम्पूर्ण भारत से लगभग 250 छात्र-छात्राएं अपने शोध पत्र को प्रस्तुत करेगें, जोकि नवीकरणीय, हाईड्रोजन एवं जैव ऊर्जा, इसके भंडारण, अपशिष्ट से ऊर्जा रूपांतरण, मॉडलिंग, सिमुलेशन, स्मार्ट केमिकल इंजीनियरिंग, पॉलिमर और पेट्रोकेमिकल्स, शुद्धिकरण तकनीक, प्रदूषण नियंत्रण आदि वर्तमान भारत एवं विश्व की प्रमुख ऊर्जा एवं रासायनिक उत्पादन संबंधित आवश्यक तकनीकी आयामों पर केंद्रित होगी।
इसके अलावा कॉन्फ्रेन्स में विशिष्ठ व्याख्यानों की एक श्रृंखला आयोजित की जा रही है, जोकि पद्मश्री प्रो जीडी यादव पूर्व कुलपति आईसीटी मुंबई, मिस सुक्ला मिस्त्री इंडियन ऑयल बोर्ड में प्रथम महिला कार्यकारी निदेशक, प्रो एबी पंडित कुलपति आईसीटी मुंबई सह बीओजी चेयरमैन आरजीआईपीटी, आईआईटी कानपुर से प्रो नितिन कैस्था, मि. एस भारथन निदेशक (रिफाइनरीज) एचपीसीएल, मि. चंद्रशेखर नारायण मुर्थी कार्यकारी निदेशक आरएंडडी बीपीसीएल, मि. राजेन्द्र सांखे मुख्य परिचालन अधिकारी इंडोरमा जगदीशपुर एवं प्रो मनोज कुमार झा एमआईटी मुजफ्फरपुर द्वारा दिए जायेगें। इसके अलावा आमंत्रित व्याख्यान श्रृंखला में बीपीसीएल से डॉ सोनल माहेश्वरी, डीएमएसआरडीई कानपुर से डॉ हरीश कुमार, हनीवेल यूओपी से मि. निशेष गर्ग, शिवनादर संस्थान से डॉ यामिनी सुधा सिस्टला, इंडोरमा जगदीशपुर से मि. विकास कुमार अपने नवाचार साझा करेगें ।
इसके साथ ही केमिकल इंजीनियरिंग से उत्कृष्ट पीएचडी करने वाले 35 वर्ष से कम आयु के शोधार्थी को एम सी चैरी पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा जोकि उसके शोध पर आधारित प्रस्तुति पर चयनित होगा। कार्यक्रम के द्वितीय एवम् अंतिम दिन रासायनिक अभियांत्रिकी शिक्षा के भविष्य के अवसर और चुनौतियाँ एवं रासायनिक अभियांत्रिकी के नए प्रतिमानः शिक्षा जगत और उद्योग से उनकी अपेक्षाओं पर छात्रों का दृष्टिकोण विषय पर शिक्षा एवं उद्योग जगत के विशेषज्ञ विशेष चर्चा करेगें ।
इस सम्मेलन की आयोजन समिति में आरजीआईपीटी के निदेशक प्रो आलोक सिंह, प्रो ए.एस.के. सिन्हा (अध्यक्ष, राष्ट्रीय आयोजन समिति), डॉ. सुनील ठाकर (अध्यक्ष आईआईसीएचई), प्रो. एम.के. झा के साथ स्थानीय आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. मिलन कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार, राजेंद्र सांखे, आयोजन सचिव डॉ. करन मलिक, संयुक्त आयोजन सचिव डॉ. दीपक द्विवेदी, डॉ. श्वेता और कोषाध्यक्ष डॉ. गुंजन अग्रहरि के अलावा आरजीआईपीटी के संकाय सदस्य और कर्मचारी शामिल रहेंगे।
Author: Vikas Srivastava










