
एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से दहला अमेठी क्षेत्र
यदि पुलिस ने दिखाई होती सक्रियता तो शायद बच जाती चार जिंदगियां
अमेठी/रायबरेली।
जनपद के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्राप्त जानकारी अनुसार मृतक परिवार एक किराए के मकान में रहता था और परिवार का मुखिया सरकारी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत था। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार को शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के मां अहोरवा भवानी चौराहे के पास यह दिल दहला देने वाली घटना हुई, जहां बदमाशों ने किराए के मकान में रह रहे शिक्षक और उसके परिवार के तीन अन्य सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी। जब आस पास के लोग गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर वहां से भाग चुके थे। घटना स्थल का दृश्य बेहद खौफनाक था, जहां शिक्षक, उसकी पत्नी, 6 साल की बेटी और 2 साल के बेटे के खून से सने शव पड़े थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और कई अन्य थानों की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने चारों शवों को तत्काल सिंहपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुनील के रूप में हुई है जो प्राथमिक विद्यालय पंहौना में अध्यापक थे। सुनील के साथ उनकी पत्नी और दोनों छोटे बच्चों की भी हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और हमलावरों की तलाश जारी है। अमेठी के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एडीजी जोन भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। फिलहाल, इस निर्मम हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। वहीं इस घटना के बारे में जब क्षेत्राधिकारी नगर रायबरेली से बात की गई तो उन्होंने बताया कि 18 अगस्त को मुकदमा लिखा गया था जिसके बाद 19 अगस्त को आरोपी को गिरफ़्तार कर चालान किया गया था तत्पश्चात महिला के बयान के आधार पर 24 सितम्बर को चार्जशीट दाखिल की गई। आरोपी का कोई आपराधिक रिकार्ड न होने के कारण उसी के अनुसार कार्यवाही की गई थी।

सूत्रों की माने तो मामला प्रेम प्रसंग का भी सामने आया है जिसके अनुसार मृतक महिला का आरोपी चंदन वर्मा के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब पति को घटना की जानकारी की जानकारी हुई तो पति अपनी पत्नी और परिवार को लेकर के अमेठी में रहने चला गया। बीते दिनों महिला अपने पुत्र के इलाज हेतु मायके आई हुई थी जहां से वह एक नर्सिंग होम में दवा लेने के लिए गई थी। जब आरोपी को पता चला कि वह महिला वहां आई हुई है तो उसने वहां जाकर उससे मिलने का प्रयास किया। इसका विरोध करने पर आरोपी के साथ महिला कहा सुनी भी हुई। हत्या के पहले आरोपी के मोबाइल पर यह स्टेटस लगाया गया था कि पांच लोगों की हत्या होने वाली है। वहीं दूसरी ओर यह बात भी सामने आई है कि आरोपी अपने परिवार सहित घर से फरार है और सभी के मोबाइल स्विच ऑफ हैं। अब सवाल यह उठता है कि जब मोबाइल स्टेटस पर यह लिखा गया था तो पुलिस ने इस घटना पर कोई कार्यवाही क्यों नही की? प्राप्त जानकारी अनुसार आरोपी चंदन वर्मा को पुलिस ने अमेठी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इस घटना की जांच की जा रही है जो भी तथ्य हैं वह जल्द ही सामने आएंगे।
शवों के पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम
अमेठी के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एक ही परिवार दो बच्चों सहित चार की हत्या के बाद मृतकों के शव उनके पैतृक गांव सुदामापुर रायबरेली ले जाए गए। एक साथ चार शवों के पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया।
शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंचे अमेठी सांसद

अमेठी की दिल दहला देने वाली घटना की जानकारी मिलते ही अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने शोकाकुल परिवार से संपर्क किया। अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा सुबह ही पीड़ित परिवार के घर सुदामापुर रायबरेली पहुंचे। मृतकों के परिजनों से बातचीत कर उन्हें ढाढस बंधाया और हर संभव मदद एवं न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
Author: Vikas Srivastava











