
झाड़ियों में मिला सर्राफा व्यवसाई के पुत्र का शव
पुलिस ने समय रहते कार्यवाही की होती तो बच सकती थी शोभित की जान

रायबरेली।
जनपद के ऊंचाहार थाना क्षेत्र अंतर्गत एक सर्राफा व्यवसाई के पुत्र की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। आज सुबह अपहृत युवक का शव झाड़ियों में मिला। इस घटना को लेकर व्यापारियों का आक्रोश फूट पड़ा। व्यापारियों ने राजमार्ग पर जाम लगाकर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल दोपहर ऊंचाहार कस्बे में संचालित माँ ज्वेलर्स नाम की दुकान पर सर्राफा व्यवसाई का बीस वर्षीय पुत्र शोभित कौशल बैठा था तभी दो युवक आये और उसे अपने साथ बाइक पर बिठा कर ले गए। कुछ समय बाद अपहरण करने वाले युवकों में से एक बाइक से वापस लौटा और दुकान में रखी तिजोरी खोलने का प्रयास करने लगा। उसी दौरान शोभित के पिता दुकान पर आ गए और धर्मेंद्र पासी नामक उस युवक को दबोचकर पुलिस को सौंप दिया किन्तु ऊंचाहार पुलिस ने इस मामले में घोर लापरवाही करते हुए न तो धर्मेंद्र से पूछताछ की और न ही शोभित को ढूंढ़ने का प्रयास किया। घटना के बारह घंटे बाद जब क्षेत्राधिकारी डलमऊ मौके पर पहुंचे तो पुलिस सक्रिय हुई और अपहृत युवक की खोजबीन शुरू की गई। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी और पुलिस को शोभित का क्षतविक्षत शव सरपतहा पुल के पास एक धान के खेत में मिला।
शोभित कौशल की अग़वा कर हुई हत्या मामले में व्यापारियों का आक्रोश फूट पड़ा। व्यापारियों ने लखनऊ प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर जाम लगा दिया। व्यापारियों का कहना हैं कि यदि पुलिस ने समय रहते कार्यवाही की होती तो शोभित ज़िंदा होता। हालांकि पुलिस ने पकड़े गए आरोपी धर्मेंद्र पासी समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है।
इस प्रकरण में अपर पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा ने बताया कि पुलिस द्वारा सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पकड़े गए अभियुक्तों से पूछताछ कर पूरी जानकारी दी जाएगी।
Author: Vikas Srivastava










