भाजपा नेता के घर आएगी पाकिस्तानी बहू, ऑनलाइन हुआ निकाह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भाजपा नेता के घर आएगी पाकिस्तानी बहू, ऑनलाइन हुआ निकाह

 

जौनपुर।

भारत और पाकिस्तान के बीच भले ही सरहद की लकीरें और दीवारें बन गई हो, लेकिन दोनों देशों के लोगों के दिलों में रिश्ते लगातार मजबूत होते जा रहे हैं। ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के जौनपुर शहर में देखने को मिला जहां भारतीय जनता पार्टी के नेता के घर पाकिस्तानी बहू आने वाली है।वीजा मिलने में हो रही देरी से भाजपा नेता को बहू का इंतजार लंबा हो रहा है। हालांकि ऑनलाइन निकाह के बाद यह तय हो चुका है कि भाजपा नेता की बड़ी बहू पाकिस्तान से ही आएगी। भाजपा नेता ने एक साल पहले ही अपने बेटे का रिश्ता पाकिस्तान में तय कर दिया था।लड़की को वीजा न मिलने से निकाह में हो रही देरी के चलते दोनों पक्षों ने ऑनलाइन निकाह करने का फैसला किया।

जौनपुर के मखदूमशाह अढहन में रहने वाले भारतीय जनता पार्टी के सभासद तहसीन शाहिद ने एक साल पहले अपने बड़े बेटे मोहम्मद अब्बास हैदर की शादी पाकिस्तान के लाहौर शहर के रहने वाले अपने एक रिश्तेदार के यहां तय कर दी थी।

लाहौर की अंदलीप जहरा ने भारत में शादी तय होने के बाद उच्चायुक्त में वीजा के लिए आवेदन कर दिया था।जैसे-जैसे शादी की तारीख नजदीक आती गई उनकी बेचैनी बढ़ती गई क्योंकि वीजा नहीं जारी हो रहा था।वीजा मिलने में देरी हो रही थी और पाकिस्तान में लड़की की मां राना यास्मीन जैदी की तबीयत खराब हो गई। वह अस्पताल में आईसीयू में भर्ती थीं ऐसी हालत में भाजपा नेता तहसीन शाहिद ने लाहौर फोन से बातचीत कर ऑनलाइन शादी कराने का फैसला लिया। शुक्रवार की रात इमामबाड़ा कल्लू मरहूम में तहसीन शाहिद अपने साथ सैकड़ों बारातियों को लेकर पहुंचे और टीवी स्क्रीन पर सभी के सामने ऑनलाइन निकाह करवा दिया। दोनों के निकाह होने के बाद अब दुल्हन की पाकिस्तान से वीज़ा मिलने के बाद दूल्हे राजा को विदाई का इंतजार है।

यह निकाह कराने वाले शिया धर्म गुरु मौलाना महफूज़ूल हसन खान ने निकाह पढ़ने के बाद बताया कि निकाह के लिए इस्लाम धर्म में लड़की की इजाजत की जरूरत होती है, जो मौलाना को खुद लड़की अपने मुंह से बोल कर देती है। ऐसे में यह इजाजत यदि वह ऑनलाइन दे दे तो मौलाना बैठकर निकाह करा सकते हैं। मौलाना ने कहा कि दोनों मुल्कों के राजनीतिक संबंध खराब होने से दोनों तरफ के लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे में दोनों मुल्कों के हुक्मरान चाहें तो बातचीत से ये आग ठंडी हो सकती है। हाल ही में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के पाकिस्तान दौरे से लोगों की उम्मीद जगी है।

निकाह में भाजपा एमएलसी बृजेश सिंह भी मौजूद थे। बृजेश सिंह ने दूल्हे के पिता को निकाह की मुबारकबाद दी। इस ऑनलाइन निकाह में दोनों तरफ से सैकड़ों लोग शामिल हुए। दूल्हे के साथ कई लोग बारात में आए थे, जिन्होंने खाना खाया और ऑनलाइन निकाह के गवाह बने। वहीं लाहौर में लड़की की तरफ से भी कई लोग इस निकाह में शामिल हुए। इसके अलावा अन्य लोग ऑनलाइन जुड़कर इस निकाह का हिस्सा बने।

Vikas Varta
Author: Vikas Varta

Leave a Comment

और पढ़ें